संजु चौधरी, शिमला: प्रदेश सरकार की ओर से पूर्व भाजपा सरकार के समय में खोले गए संस्थानों को डिनोटिफाई किए जाने के फ़ैसले का भाजपा विरोध जता रही हैं। इसके विरोध में भाजपा की ओर से हस्ताक्षर अभियान भी चालया गया हैं। इसी कड़ी में सोमवार को शिमला में भी भाजपा मंडल ने संजौली में हस्ताक्षर अभियान चलाया। इस अभियान में भाजपा के प्रदेश कोषाध्यक्ष संजय सूद और भाजपा सह मीडिया प्रभारी करण नंदा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अभियान की अध्यक्षता मंडल महामंत्री गगन लखन पाल की ओर से की गई। संजौली चौकी के समक्ष आयोजित इस हस्ताक्षर अभियान में भाजपा कार्यकर्ताओं सहित स्थानीय लोगों ने भाग लिया। इस हस्ताक्षर अभियान के बाद 25 फरवरी से प्रदेश भर में रैलियां व प्रदर्शन भी किए जाएंगे।
भाजपा सह मीडिया प्रभारी करण नंदा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में डिनोटिफिकेशन एक्सप्रेस नाम की सरकार चल रही हैं। जब से यह सत्ता में आए हैं प्रदेश में 620 से अधिक कार्यालय डिनोटिफाई कर दिए गए है और इन कार्यालयों के खुलने से जनता को बहुत लाभ हो रहा था। उन्होंने कहा कि कार्यालयों को जनता की मांग पर खोला गया था और सभी प्रकार की स्वीकृति प्रदेश सरकार से लेने के बाद इन्हें खोला गया था। अगर प्रदेश सरकार के यही हाल रहे तो बड़ी जल्दी प्रदेश सरकार को जनता ही डिनोटिफाई कर देगी।
वहीं उन्होंने कहा कि जब से प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी हैं तब से राजधानी में स्मार्ट सिटी के करोड़ों के काम ठप पड़े हैं। कहीं ओवरब्रिज बन रहे थे और कहीं फुटपाथ बन रहे थे पर इनके काम ठप हो गए हैं। यहां तक कि मौके पर निरीक्षण भी बंद हो गया हैं। उन्होंने कहा कि संजौली में ओवरब्रिज लक्कड़ बाजार में लिफ्ट और हिमलैंड के पास ओवरब्रिज का काम ठप पड़ा हैं।
उन्होंने कहा कि बड़े परिश्रम के बाद संजौली चौकी को थाना बनाया गया था और यह तत्कालीन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और मंत्री सुरेश भारद्वाज ने जनता की इस लंबित मांग को पूरा किया पर जैसे ही यह कांग्रेस सरकार आई तुरंत ही संजौली थाने को फिर से एक बार चौकी बना दिया।
