हमीरपुर, अरविंद -: हमीरपुर जिला परिषद के ऊहल वार्ड में चुनावी मुकाबला दिलचस्प होता जा रहा है। भाजपा समर्थित उम्मीदवार मंगलेश ठाकुर ने वीरवार को एसडीएम कार्यालय हमीरपुर में अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया। इस दौरान भाजपा बमसन मंडल अध्यक्ष विक्रम राणा, पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समर्थक उनके साथ मौजूद रहे। नामांकन के बाद वार्ड में राजनीतिक गतिविधियां और तेज हो गई हैं।
जानकारी के अनुसार भाजपा ने पहले इस वार्ड से ज्योति ठाकुर को पार्टी समर्थित उम्मीदवार घोषित किया था, लेकिन बाद में पार्टी स्तर पर रणनीति में बदलाव किया गया। देर रात जारी नई सूची में मंगलेश ठाकुर का नाम सामने आया, जिसके बाद उन्होंने आधिकारिक रूप से चुनावी मैदान में उतरते हुए नामांकन भर दिया। इस फैसले के बाद क्षेत्र में राजनीतिक चर्चाओं का दौर भी शुरू हो गया है।नामांकन दाखिल करने के बाद मंगलेश ठाकुर ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो भरोसा जताया है, वह उस विश्वास को पूरी मेहनत और ईमानदारी से निभाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं का समाधान और विकास कार्य उनकी प्राथमिकता रहेंगे। उन्होंने भाजपा संगठन और वरिष्ठ नेताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं का सहयोग उन्हें मजबूती प्रदान करेगा।मंगलेश ठाकुर ने यह भी कहा कि ऊहल वार्ड में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य और युवाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि जनता का समर्थन उन्हें लगातार मिल रहा है और चुनाव में सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे।वहीं भाजपा बमसन मंडल अध्यक्ष विक्रम राणा ने कहा कि पार्टी पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उम्मीदवारों के पैनल में मंगलेश ठाकुर का नाम पहले से शामिल था और संगठन ने विचार-विमर्श के बाद अंतिम निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता पूरी एकजुटता के साथ चुनाव प्रचार में जुटेंगे और पार्टी समर्थित प्रत्याशी को जीत दिलाने के लिए पूरी ताकत लगाएंगे।
Chandrika
