राहुल चावला, धर्मशाला: पर्यटन नगरी मैक्लोडगंज के ऊपरी क्षेत्र त्रियूंड से आगे के इलाका में गुरुवार को पुलिस ने एक युवक का शव बरामद किया हैं। मृतक की पहचान 30 वर्षीय मान सिंह निवासी कुठारना के रूप में हुई हैं। पुलिस ने गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया हैं। प्रारंभिक दृष्टया युवक की मौत दम घुटने व ठंड लगने से होने की आशंका जताई जा रही हैं।
जानकारी के मुताबिक कुठारना निवासी मान सिंह पिछले 4-5 साल से मैक्लोडगंज में चाय की दुकान करता था। 19-20 फरवरी को मान सिंह घर वालों को बिना बताए कहीं चला गया, जिसके चलते दुकान बंद थी। पहले भी मान सिंह बिना बताए दोस्तों के साथ चला जाता था। इस बार भी अचानक मान सिंह के गायब होने पर परिजनों को लगा कि शायद दोस्तों के साथ कहीं गया होगा, लेकिन 2 से 4 दिन का समय बीतने के बाद जब परिजनों ने पड़ताल की तो सूचना मिली कि मान सिंह को गलू से आगे त्रियूंड ट्रैक पर अकेले जाते हुए देखा गया था। जिस पर मान सिंह का भाई व ग्रामीण उसकी तलाश में त्रियूंड की ओर निकल गए।
त्रियूंड से आगे जाकर इलाका में बने छोटे से मंदिर के पास मान सिंह उन्हें बेसुध पड़ा हुआ मिला, जिसकी मौत हो चुकी थी। इसकी सूचना मैक्लोडगंज पुलिस को दी गयी। एसएचओ मैक्लोडगंज पुलिस थाना रिंकू सूर्यवंशी ने बताया कि त्रियूंड से आगे इलाका क्षेत्र में छोटे से मंदिर के पास से मान सिंह का शव बरामद किया गया हैं। बुधवार देर रात टीम शव लेकर वापिस लौटी थी। गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया हैं।
पुलिस की ओर सेआईपीसी की धारा 174 के तहत मामला दर्ज करके आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। परिजनों ने किसी पर भी शक जाहिर नहीं किया और न ही मृतक के शरीर पर आंतरिक व बाहरी कोई घाव या निशान मिले हैं।
