कुल्लू | जिला कुल्लू के मुख्यालय ढालपुर मैदान में 2 अक्टूबर से अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव आयोजित किया जाएगा। ऐसे में दशहरा उत्सव कमेटी के द्वारा भी अपनी तैयारियां शुरू कर दी गई है। लेकिन इस साल पूरे प्रदेश के साथ-साथ अन्य राज्यों में भी बरसात ने कहर बरपाया है। इसको ध्यान में रखते हुए अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बॉलीवुड कलाकारों को ना बुलाया जाए। इससे दशहरा कमेटी का जो भी पैसा बचता है। उससे बाढ़ प्रभावित परिवारों की मदद की जाए। इसी मुद्दे को लेकर भगवान रघुनाथ के छड़ीबरदार एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता महेश्वर सिंह ने डीसी से मुलाकात की और डीसी के माध्यम से प्रदेश सरकार को भी एक पत्र भेजा।
भगवान रघुनाथ के छड़ीबरदार महेश्वर ने कहा कि यह साल बाढ़ के चलते सैकड़ों लोगों की जान चली गई और हजारों करोड़ रुपए की संपत्ति नष्ट हो गई है। इस साल दशहरा उत्सव देवी देवताओं तक ही सीमित रहना चाहिए और स्थानीय कलाकारों के द्वारा ही कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाने चाहिए। बॉलीवुड के कलाकारों पर जो करोड़ों रुपए खर्च किए जाते हैं। उस पैसे से दशहरा उत्सव कमेटी को बाढ़ प्रभावित परिवारों की मदद करनी चाहिए। इसके बारे में प्रदेश सरकार से भी आग्रह किया गया है। भगवान रघुनाथ के छड़ीबरदार महेश्वर सिंह ने कहा कि रथ मैदान में तंबोला की गतिविधि आयोजित की जाती है। वही बॉक्सिंग की प्रतियोगिता भी इसी मैदान में की जाती है। जिससे कई बार खिलाड़ियों के शरीर से खून भी निकलता है। देवी देवताओं के द्वारा भी इस बारे आज्ञा दी गई है कि यह दिनों गतिविधियां रथ मैदान में पूरी तरह से प्रतिबंध की जानी चाहिए। इसके अलावा दशहरा उत्सव कमेटी के द्वारा जो ग्रामीण स्तर की खेल करवाई जाती है। वह यहां पर की जा सकती है। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव कमेटी इस बारे संज्ञान ले।
