नाहन : देवेन्द्र कुमार – दलित शोषण मुक्ति मंच सिरमौर जिला इकाई ने दलित समाज से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर आज डीसी सिरमौर के जरिए मुख्यमंत्री को एक मांग पत्र सौंपा है । जिसमें सब समाज के कल्याण से जुड़ी कई मांगों को उठाया गया है।
दलित शोषण मुक्ति मंच ने सरकार से मांग की है कि प्रदेश में सफाई आयोग का गठन किया जाए साथ ही 85वें संविधान संशोधन को भी लागू किया जाना चाहिए। दलित शोषण मुक्ति मंच जिला सिरमौर के संयोजक आशीष कुमार ने बताया कि मौजूदा सरकार से मांग की जा रही है कि राज्य में SC व ST प्लान के बजट का सही तरीके से इस्तेमाल हो और SC कॉरपोरेशन से ऋण लेने व अन्य योजनाओं का लाभ लेने के लिए अधिकतम आय 8 लाख निर्धारित की जाए। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार से सिरमौर जिला में शामलात भूमि में बसे भूमिहीनों को मौके के आधार पर मालिकाना हक दिए जाने की माँग भी सरकार के सामने उठाई जा रही है। वहीं उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष में रहते हुए कांग्रेस ने उनकी मांगों का समर्थन किया था। ऐसे में उम्मीद है कि जो मांगे सरकार के सामने उठाई जा रही है वह जल्द से जल्द पूरी हो जाएगी।
