सिरमौर : देवेंद्र कुमार (TSN)- देश भर में दीपावली का पर्व एक महीने पहले मनाया जा चुका है,मगर सिरमौर जिला के गिरीपार इलाके में आज दीपावली का आगाज हुआ है । दरअसल इस इलाके में बूढ़ी दिवाली मनाई जाती है,जो देश भर में मनाई जाने वाली दीपावली के एक महीने बाद होती है।आज सुबह करीब 4 बजे मशाल यात्रा के साथ इलाके में बूढ़ी दीपावली का शुभ आरंभ हुआ।
पारंपरिक पहाड़ी व्यंजन और रासा नृत्य का लोग ले रहे आनंद
गिरिपार के कई इलाकों में यह पर्व दो से तीन दिनों तक मनाया जाता है ।बूढ़ी दीवाली पर आज सुबह करीब 4:00 बजे सभी गांव में मशाल यात्रा निकाली गई,जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। गांव के मंदिर परिसरों से शुरू होने वाली यह मशाल यात्रा पूरे गांव की परिक्रमा कर वापिस मंदिर परिसर में लौटती है। खास बात यह है कि पुरुष वर्ग ही इस मशाल यात्रा का हिस्सा बनता है । लोगों ने बताया कि क्षेत्र में खुशहाली की कामना के लिए और भूत प्रेत आदि भगाने के लिए गांव में यह मशाल यात्रा निकाली जाती है,ताकि गांव पर कोई बुरा साया न पड़े। क्षेत्र में यह परंपरा सदियों से चली आ रही है।लोगों ने यह भी बताया कि बूढ़ी दीवाली के दौरान यहां पर विशेष रूप से पहाड़ी व्यंजन भी तैयार किए जाते हैं जिनका यहां के लोग अपने रिश्तेदारों के साथ मिलकर खाने का लुत्फ उठाते है। बूढ़ी दीवाली के दौरान यहां रासा नृत्य लोगों के मनोरंजन व आकर्षण का मुख्य केंद्र रहता है । इस आयोजन के दौरान यहां पहाड़ी संस्कृति की एक अनूठी झलक देखने को मिलती है।
