अरविंदर सिंह,हमीरपुर(TSN):हिमाचल प्रदेश पशुपालन विभाग ने गंभीर रूप से बीमार या घायल पशुओं को घरद्वार पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए नई सेवा शुरू की है। इसके तहत 1962 नंबर डायल करते ही पशु चिकित्सीय सुविधाओं से लैस एम्बुलेंस घरद्वार पहुंच जाएगी। जिला हमीरपुर को ऐसी 4 एम्बुलेंस मिली हैं। इस योजना को पशु संजीवनी नंबर 1962 का नाम दिया गया है।
जिला हमीरपुर के सुजानपुर, नादौन, बड़सर (बिझड़ी) व भोरंज को एम्बुलेंस की सुविधा मिली है, जिनके रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया इन दिनों पूरी की जा रही है। अभी ट्रायल बेस पर इसे शुरू किया गया है। आगामी 10-15 दिनों में इसे नियमित रूप से शुरू कर दिया जाएगा। अभी इन एम्बुलेंस की सुविधा सुबह 8 से सायं 6 बजे तक उपलब्ध रहेगी। बता दें कि जिला में कुल पशु धन तकरीबन 2,23, 261 है, जिसमें गाय, भैंसें, बकरियां, भेड़ें इत्यादि शामिल है।
उपनिदेशक पशुपालन विभाग हमीरपुर मनोज कुमार ने बताया कि पशुओं के लिए पशु संजीवनी योजना बहुत ही लाभकारी योजना है। अभी जिला के 4 ब्लाकों में शुरू की जा रही है। हमीरपुर में भी इसे जल्द शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आधुनिक सुविधाओं से लैस इन एंबुलैंस में क्लीनिकल कैबिन, यूटीलिटी स्टोरेज फैसिलिटी, दवाइयां, वैक्सीनेशन, सैंपल क्लैक्शन व डायगनोस्टिक किट, फ्रिज, एमरजेंसी लाइट, वॉशवेशन, फ्रैश व ड्रेन वाटर टैंक, सर्जिकल उपकरण व फस्र्ट एड बॉक्स सहित अनेक सुविधाएं होंगी। आने वाले दिनों में एम्बुलेंस में डाक्टर व फार्मासिस्ट भी तैनात होंगे।
उन्होंने ग्रामीणों को आह्वान करते हुए कहा कि बेसहारा पशुओं का उपचार करने की भी योजना बनाई गई है। इसके लिए स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों, लोगों या फिर किसी संस्था को बेसहारा पशु की देखभाल करने की जिम्मेवारी लेने होगी और इस नंबर पर घायल या बीमार बेसहारा पशु की सूचना दे सकते हैं। बता दें कि जिला में बेसहारा पशुओं की संख्या बढ़ती जा रही है और सडक़ों पर आए दिन पशुओं के कारण हादसे घटित होते रहते हैं।
