संजीव महाजन,नूरपुर: विधानसभा इंदौरा में थाना इंदौरा के तहत गांव पनियाला में देर रात गुज्जर समुदाय के बीच गोलीबारी की वारदात पेश आई है।गोलीबारी के बाद आरोपियों का पुलिस की ओर से पीछा किए जाने के बाद थाना डमटाल के मोहटली रैंप पर फाटक बंद होने के दौरान अपनी गाड़ी मौके पर छोड़ कर भाग खड़े हुए।
मामले के तहत बीते दिनों गांव पनियाला में रहने वाले गुज़्ज़र समुदाय की नाबालिग लड़की को जम्मू का युवक बहला फुसला कर अपने साथ ले गया जिस पर लड़की पक्ष वालों ने थाना इंदौरा में युवक के खिलाफ मामला दर्ज करवाया था। पुलिस ने तहकीकात करते हुए लड़की तक अपनी पकड़ बनाई और उसे सकुशल घर वापिस लाया गया। इसके बाद पुलिस युवक की तलाश कर रही थी। वहीं बीती रात को आरोपी पक्ष के कुछ लोग देर रात्रि पनियाला लड़की के घर आ धमके ओर तीख़ी नोकझोंक के बाद उन्होंने लड़की पक्ष के ऊपर गोलीबारी शुरू कर दी।
किसी तरह से लड़की पक्ष वालों ने अपनी जान बचाते हुए इंदौरा पुलिस को सूचना दी। थाना इंदौरा प्रभारी कुलदीप शर्मा ने पुलिस बल के साथ आरोपियों की गाड़ी का पीछा किया । वहीं डमटाल के मोहटली रैंप पर फाटक बंद होने के कारण आरोपियों ने अपनी गाड़ी मौके पर छोड़ दूसरी गाड़ी में बैठ कर मौके से रफ्फूचक्कर हो गए। पुलिस ने आरोपियों की ओर से छोड़ी गई गाड़ी को अपने कब्ज़े में ले लिया है और आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस क्षेत्र में सर्च अभियान चला रही है।
