Mandi, Dharamveer (TSN)-मंडी-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया जब बैजनाथ से शिमला जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की एक बस तकनीकी खराबी के कारण सड़क से नीचे लटक गई। दुर्घटना स्थल पर एक पेड़ ने बस को खाई में गिरने से रोक दिया, जिससे सभी 25 यात्रियों की जान बच गई।
यह हादसा सुबह करीब 6 बजे उरला क्षेत्र के पास हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस का मुख्य पट्टा (मेन पटा) टूटने के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे लटक गया। गनीमत रही कि बस पूरी तरह खाई में नहीं गिरी, जिससे एक बड़ा नुकसान टल गया।घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए। यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और वैकल्पिक बसों से उन्हें उनके गंतव्य की ओर रवाना किया गया। हादसे की सूचना मिलते ही एसडीएम पधर सुरजीत सिंह के नेतृत्व में प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई।
एचआरटीसी के पधर डिपो के प्रभारी हेमराज ठाकुर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि यात्रियों को कोई चोट नहीं आई है और सभी को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है। उन्होंने स्थानीय लोगों का सहयोग के लिए आभार भी व्यक्त किया।प्रशासन द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और एचआरटीसी के तकनीकी विभाग को आवश्यक निरीक्षण और मरम्मत के निर्देश दिए गए हैं।
