Sirmour, 7 May ( TSN)-सिरमौर भाजपा के प्रवक्ता मेलाराम शर्मा ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय सेना और नेतृत्व ने यह सिद्ध कर दिया है कि देश आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कदम उठाने में पूरी तरह सक्षम है। उन्होंने कहा कि इस अभियान ने न केवल आतंकी ठिकानों को नष्ट किया, बल्कि देशवासियों के आत्मविश्वास को भी मज़बूती प्रदान की है।
मेलाराम शर्मा ने कहा कि भारत एक शांतिप्रिय राष्ट्र है, लेकिन देश की संप्रभुता और नागरिकों की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय सेना ने सीमाओं का उल्लंघन किए बिना आतंकवाद के विरुद्ध जो कड़ा संदेश दिया है, वह ऐतिहासिक है।उन्होंने भारतीय सेना के पराक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस सफल ऑपरेशन ने भारतीय सुरक्षा बलों की दक्षता और तत्परता को वैश्विक मंच पर सिद्ध कर दिया है। उन्होंने कहा कि यह अभियान एक स्पष्ट संकेत है कि भारत अब किसी भी खतरे का जवाब सिर्फ शब्दों से नहीं, बल्कि ठोस कार्यवाही से देगा।
मेलाराम शर्मा ने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ केवल एक सैन्य कार्रवाई नहीं, बल्कि पुलवामा हमले के पीड़ित परिवारों के प्रति एक भावनात्मक और नैतिक समर्थन का प्रतीक भी है। उन्होंने यह भी कहा कि यह ऑपरेशन देश के युवाओं में देशभक्ति और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को और प्रबल करेगा।
