मंडी : धर्मवीर (TSN)-राष्ट्रीय कैडेट कोर वायु सेना विंग मंडी के कैडेट कार्तिक ठाकुर राष्ट्रीय गणतंत्र दिवस परेड दिल्ली 2024 मे भाग लेंगे। कार्तिक ठाकुर पंजाब,हरियाणा,हिमाचल प्रदेश व चंडीगढ़ एनसीसी निदेशालय का प्रतिनिधित्व करेंगे।
एनसीसी वायु सेना विंग मंडी के फ्लाइट कमांडर ( एसोसिएट एनसीसी अधिकारी ) फ्लाइंग ऑफिसर डॉ चमन लाल क्रांति सिंह ने यह जानकारी दी है। फ्लाइंग ऑफिसर डॉ चमन ने बताया कि कार्तिक ठाकुर वल्लभ राजकीय महाविद्यालय मंडी में सीनियर डिवीजन एनसीसी एयर विंग प्रशिक्षण में तृतीय वर्ष के छात्र सैनिक है। शारीरिक व मानसिक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के बाद कैडेट कार्तिक ठाकुर का चयन बेस्ट कैडेट एयर विंग श्रेणी के लिए किया गया है। बेस्ट कैडेट श्रेणी में चयनित होने के लिए कार्तिक ठाकुर को लिखित परीक्षा,फायरिंग, ड्रिल टेस्ट,एडीजी स्क्वाड हैंडलिंग इंटरव्यू प्रक्रियाओं से गुजरना पड़ा है। कैडेट कार्तिक ठाकुर राष्ट्रीय गणतंत्र दिवस शिविर का हिस्सा होने के साथ साथ जनरल करिअप्पा ग्राउंड दिल्ली में प्रधानमंत्री रैली का हिस्सा भी बनेंगे।
बता दें कि एनसीसी एयर विंग मंडी के पूर्व कैडेट पंकज कुमार,कैडेट वारंट ऑफिसर अजय कुमार, कैडेट शिल्पा, कैडेट अभिषेक, कैडेट वारंट ऑफिसर विनय ठाकुर, कैडेट सीनियर अंडर ऑफिसर अंगद सिंह व कैडेट वारंट ऑफिसर विकास ठाकुर भी राष्ट्रीय गणतंत्र दिवस परेड का हिस्सा रह चुके हैं। महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर सुरीना शर्मा, फ्लाइंग ऑफिसर डॉ चमन, स्टाफ काउंसिल के सचिव डॉ राजकुमार जमवाल ने कैडेट कार्तिक ठाकुर को राष्ट्रीय गणतंत्र दिवस परेड दिल्ली में चयनित होने पर शुभकामनाएं दी है।
