विकास शर्मा,चिंतपूर्णी: जसवां-परागपुर विधानसभा क्षेत्र में बीते लंबे समय से लोगों के लिए काम कर रहे समाजसेवी कैप्टन संजय पाराशर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए चुनावी मैदान में उतर चुके हैं। इसी को लेकर आज उन्होंने परागपुर के नक्की ग्राउंड में एक जन समर्थन रैली का आयोजन भी किया। पराशर के चुनाव लड़ने के बाद अब जसवां परागपुर विधानसभा में सियासी माहौल गर्मा गया है। यहां भाजपा की ओर से संजय पराशर के चुनाव लड़ने की घोषणा के बाद उनकी मंशा पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं।
कैप्टन संजय पाराशर की ओर से आयोजित रैली पर जसवां-परागपुर विधानसभा क्षेत्र के बीजेपी आईटी संयोजक राजेश पराशर ने निशाना साधते हुए कहा है कि पराशर ने इस कार्यक्रम में अन्य विधानसभा क्षेत्र के लोगों को इकट्ठा कर अपनी शक्ति दिखाई गई है। जो कि एक झूठ का पुलिंदा है। उन्होंने कहा कि पराशर की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम से यह साबित हो गया कि जसवां-परागपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता मंत्री बिक्रम ठाकुर के साथ है और क्षेत्र के लोग आने वाले विधानसभा चुनावों में उद्योग मंत्री को भारी मतों से जीता कर एक बार फिर विधानसभा भेजने वाले हैं।
उन्होंने कहा कि पराशर की ओर से मंच से विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान करने के साथ ही उनके समाजसेवी होने का चोला भी उतर गया है। हम तो काफी समय पहले से लोगों को कह रहे थे यह समाज सेवा अपने राजनीतिक स्वार्थ को साधने के लिए ही की जा रही है। इसका मकसद चुनाव लड़ना है जो कि सत्य हुआ। राजेश पराशर ने कहा कि लोकतंत्र में सभी को चुनाव लड़ने का अधिकार है लेकिन आने वाले विधानसभा चुनाव में मंत्री बिक्रम ठाकुर को जनता वोट के रूप में अपना आशीर्वाद देगी और इन समाजसेवियों को यहां से वापस भेज देगी।
