Hamirpur, Arvind-:हमीरपुर जिले के सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाले पुग खड्ड में स्थित महावीर स्टोन क्रशर एक बार फिर विवादों में घिर गया है। सुजानपुर पुलिस ने इस क्रशर के मालिकों के खिलाफ अवैध खनन और धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। आरोप है कि क्रशर प्रबंधन ने गलत दस्तावेजों का इस्तेमाल करते हुए लगभग 45,000 मीट्रिक टन रेत-बजरी बिना रॉयल्टी चुकाए निकाली और बेची, जिससे सरकार को लाखों रुपए के राजस्व का नुकसान हुआ।
पूर्व मालिक विधायक भी जांच के घेरे में
पुलिस अधीक्षक बलबीर सिंह ने बताया कि सितंबर 2025 में सुजानपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि महावीर स्टोन क्रशर में खनन नियमों का उल्लंघन किया जा रहा है। सूचना के बाद जांच टीम ने मौके पर पहुंचकर रेकॉर्ड जब्त किए। जांच में पाया गया कि क्रशर प्रबंधन ने एक्स और एम फार्म का दुरुपयोग करते हुए खनन सामग्री की बिक्री दिखाई, जबकि सरकारी रॉयल्टी अदा नहीं की गई थी।प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि जब यह स्टोन क्रशर चल रहा था, उस समय इसके मालिक वर्तमान में हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक आशीष शर्मा थे। पुलिस ने इस संबंध में 4 दिसंबर 2025 को अवैध खनन और धोखाधड़ी की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है।एसपी ने कहा कि रिकॉर्ड की जांच जारी है और आने वाले दिनों में मामले में और भी खुलासे हो सकते हैं। प्रशासन का कहना है कि जिले में अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी प्रभावशाली व्यक्ति को कानून से ऊपर नहीं माना जाएगा।
