राकेश, ऊना: खेलों में भी एक उत्कृष्ट करियर का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं का आहवान किया कि प्रदेश सरकार की ओर से खेल के क्षेत्र में प्रदान की जा रही सुविधाओं के लाभ लेकर अपनी प्रतिभा को निखारें ताकि राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रदेश का नेतृत्व कर सकें। यह बात छठे राज्य वित्तायोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने मंगलवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, चड़तगढ़ के मंगलवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह के दौरान कही। इस अवसर पर उन्होंने गत शैक्षणिक सत्रों के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में सतपाल सिंह सत्ती ने बताया कि खेल गतिविधियों के प्रति विद्यार्थियों और युवाओं को प्रेरित करने के लिए प्रदेशभर में खेल स्टेडियम निर्मित किए जा रहे है। उन्होंने बताया कि अप्पर देहलां व बसदेहड़ा में खेल स्टेडियम जनता को समर्पित किए जा चुके हैं, जबकि संतोषगढ़ ओर बहडाला में खेल स्टेडियमों का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिन पर लगभग 5 करोड़ रुपए व्यय किए जा रहे है।
सत्ती ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत ढांचों को प्राथमिकता के आधार पर सुदृढ़ किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि चड़तगढ़ स्कूल में 20 लाख रुपये से दो हॉल जनता को समर्पित किए गए है। इसके अलावा 2.60 लाख रुपए लागत के कबड्डी खेल के मैट प्रदान किए गए है, जबकि स्कूल में मरम्मत कार्य पर 1.63 लाख रुपए खर्च किए गए है। उन्होंने बताया कि स्कूल में इंडोर जिम स्थापित किया गया है, जिस पर 70 हजार रुपए की राशि व्यय की गई है।
