शिमला :कमल भारद्वाज (TSN)- देवभूमि हिमाचल प्रदेश पूरी तरह से राम के रंग में रंग गया है। सुबह से जगह-जगह शोभा यात्राएं निकल रही है। मंदिरों में भजन-कीर्तन, अखंड पाठ, सुंदरकांड और भंडारे का आयोजन हो रहा है। अयोध्या में श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा के मौके पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू शिमला के प्रसिद्ध हनुमान मंदिर जाखू पहुंचे । इस दौरान मुख्यमंत्री सुक्खू ने जाखू मंदिर में शीश नवाया और हनुमान चालीसा का पाठ किया ।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि भगवान हनुमान प्रभु श्री राम के परम भक्त थे. प्रभु राम उनकी ही मदद से ही अयोध्या लौट कर आए थे. मुख्यमंत्री ने कहा कि आज अयोध्या में भगवान श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा का अवसर है. ऐसे में वह भी हनुमान मंदिर पहुंचे और हनुमान चालीसा का पाठ किया. मुख्यमंत्री ने प्रदेश वासियों को आज के इस अवसर की बधाई दी. मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा की प्रदेश की जनता से आग्रह भी किया कि सभी घर पर दीप दिया जलाकर इस अवसर में सम्मिलित हों.
जाखू में लगाई जाएगी श्री राम भगवान की मूर्ति
वहीं इस दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रसिद्ध जाखू में भगवान राम की मूर्ति लगाने को लेकर कहा कि हनुमान भगवान राम के परम भक्त थे और भगवान श्री राम के बिना अधूरे हैं.उन्होंने कहा कि जैसे ही उन्हें उचित जगह मिल जाएगी, तो सभी प्रकार की प्रक्रिया को पूरा करने के बाद जाखू में श्री राम भगवान की मूर्ति लगाई जाएगी.
हिमन्त बिस्वा शर्मा पर मुख्यमंत्री ने साधा निशाना
वहीं राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा को रोके जाने पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राहुल गांधी देश की एकता और न्याय के लिए यह यात्रा कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी मजबूत व्यक्तित्व के आदमी है वह ऐसी मुश्किलों से नहीं घबराएंगे. उन्होंने कहा कि जो उन्हें रोकने का प्रयास कर रहे हैं, एक गलत मानसिकता का परिचय दे रहे हैं. इस दौरान हिमन्त बिस्वा शर्मा पर मुख्यमंत्री ने निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी ने ऐसा कोई कार्य नहीं किया जो उन्हें गिर+फ्तार कर लिया जाए. लोकतंत्र मे सभी अपनी बात कहने और देश की यात्रा करने का हक है.उन्होंने कहा कि बयान बाज़ी केवल ध्यान भटकने के लिए कर रहे हैं.
नेता प्रतिपक्ष को हर अवसर पर सेकनी है राजनीतिक रोटियां सेकनी
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस दौरान नेता प्रतिपक्ष के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि वह भी सनातनी है. उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष को हर अवसर पर राजनीतिक रोटियां सेकनी है, ऐसे में वह इस तरह का बयान दे रहे हैं. उन्होंने कहा की सरकार जो भी अच्छा कार्य करती है तो उनको दर्द हो उठता है.
