राहुल चावला, धर्मशाला: देश सहित प्रदेश भर में बुधवार से चैत्र नवरात्रों की शुरुआत हुई हैं। प्रदेश में ज्यादा नवरात्रों के लिए माता रानी के सभी मंदिरों को भव्य तरीके से सजाया गया है सभी मंदिरों में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी तरह की व्यवस्था भी की गई है वहीं सुरक्षा व्यवस्था को भी पूरी तरह से चाक-चौबंद किया गया है वहीं अगर बातों जिला कांगड़ा की कि जाएं तो जिला कांगड़ा में सबसे अधिक शक्ति पीठ हैं। इन सभी शक्तिपीठों में चैत्र नवरात्रों के पहले दिन ही श्रद्धालुओं की भीड़ माता रानी के दरबार में दर्शनों के लिए उमड़ी।
कांगड़ा घाटी के शक्तिपीठों में ज्वालामुखी, ब्रजेश्वरी मंदिर कांगड़ा, बगलामुखी मंदिर,श्री चामुंडा नंदीकेश्वर धाम में चैत्र नवरात्र के लिए ही श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देवी दर्शनों को लेकर देखा गया। पहले दिन श्री चामुंडा नंदीकेश्वर धाम में श्रद्धालुओं की काफी भीड़ उमड़ी। मंदिर सहायक आयुक्त एवं एसडीएम धर्मशाला शिल्पी बेक्टा ने मंदिर का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि मंदिर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस के 50 जवान यहां तैनात किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि रूटीन सुरक्षा व्यवस्था के अतिरिक्त 15 होमगार्ड जवान भी तैनात किए गए हैं। मंदिर परिसर में स्थापित सीसीटीवी कैमरा के अलावा 14 और सीसीटीवी इंस्टाल किए गए हैं, जिससे कि मंदिर में होने वाली हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके। मंदिर में 31 विद्वानों की ओर से अनुष्ठान भी आरंभ किए गए हैं। अष्टमी को मंदिर में शास्त्रीय संगीत का कार्यक्रम होगा, जबकि नवमी के दिन अनुष्ठान की पूर्णाहुति डाली जाएगी। इसके अलावा सफाई की उचित व्यवस्था की गई हैं। जो भी श्रद्धालु आ रहे हैं, उन्हें लाइनों में दर्शनों के लिए भेजा जा रहा हैं।
श्री चामुंडा नंदीकेश्वर धाम में बुधवार को नवरात्र के पहले दिन देश के कोने-कोने से श्रद्धालु देवी दर्शनों को पहुंचे थे। श्रद्धालुओं का कहना था कि चैत्र नवरात्र के पहले दिन देवी दर्शनों का विशेष महत्व हैं, इसी के चलते वे परिवार व दोस्तों के साथ मनोकामना पूर्ति के लिए मां का आशीर्वाद लेने पहुंचे हैं। कोलकाता से आए प्रेम चंद जसवाल, प्रियंका ने बताया कि वे परिवार व दोस्तों के साथ देवी दर्शनों को निकले हैं। मां वैष्णो देवी दर्शन करने बाद अब श्री चामुंडा नंदीकेश्वर धाम पहुंचे हैं। वहीं पंचकूला हरियाणा के दीपांशु का कहना था कि यहां आकर उन्हें काफी अच्छा लगा। मथुरा से आए राम लाल ने कहा कि पहले नवरात्र का विशेष महत्व है। सभी की मनोकामना पूरी हो, देश तरक्की रहे, हम नवरात्र पर्व पर यही कामना करते हैं।
