मंजूर पठान,चंबा: बन्नी-तरेला मार्ग पर तारकोल बिछाने में बरती जा रही अनियमितता की उस समय पोल खुल गई जब रविवार को भरमौर विस क्षेत्र के विधायक डॉक्टर जनकराज कार्य की गुणवत्ता जांचने मौके पर पहुंच गए। सड़क पर बिछाने के लिए ठेकेदार तारकोल 100 किलोमीटर दूर से ला रहा था। तरेला पहुंचने तक तारकोल का तापमान शून्य हो रहा था। इसके चलते सड़क पर ऐसी घटिया किस्म की तारकोल शायद ही कुछ माह भी टिक पाती। कार्य में बरती जा रही लापरवाही की पोल तो उस समय खुल गई जब विधायक का काफिला वहां से गुजरा और विधायक ने इससे कार्य का निरीक्षण करने की ठानी।निरीक्षण के दौरान तारकोल की गुणवत्ता की पोल उस समय खुली जब विधायक तारकोल से भरे ट्रक पर जा खड़े हुए।
जिस तारकोल के तापमान के सामने तक खड़े नहीं रहा जा सकता उसके ऊपर आसानी से खड़े होना इस बात का प्रमाण देता हैं कि तारकोल डालने में अनियमितता बरती जा रही हैं। विधायक ने सबसे पहले इस घटिया कार्य करने के लिए संबंधित ठेकेदार को लताड़ लगाई। उसके बाद लोनिवि के अधिशासी अभियंता को मौके पर फोन करके इस कार्य की पूर्ण रूप से जांच करने के आदेश दिए। विधायक ने तारकोल से भरे हुए दो ट्रक मौके से वापस भेज दिए। ठेकेदार और मौके पर मौजूद विभागीय कर्मचारियों को दो टूक शब्दों में कहा कि इस प्रकार से घटिया कार्य यहां नहीं होने दिया जाएगा। जरूरत पड़ी तो इसकी शिकायत मुख्यमंत्री से भी की जाएगी।
यदि विधायक तारकोल कार्य की जांच नहीं करते तो शायद इस कार्य में बरती जा रही अनियमितता का पता चल पाता। विधायक डॉक्टर जनक राज ने कहा कि जनजातीय क्षेत्र में इस प्रकार के घटिया कार्य कतई बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। तारकोल डालने के लिए कुछ मानक तय हैं। उन्हीं मानकों के अनुसार तारकोल डाली जानी चाहिए। यह आदेश उन्होंने विभाग के अधिकारी को दिए हैं। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजीव शर्मा ने बताया कि इसकी पूर्ण रूप से जांच करवाई जाएगी।
पीडब्ल्यूडी मंत्री ने नहीं दिया विधायक के फोन का जवाब
वहीं विधायक ने इस पूरे मामले को लेकर पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह को भी घेरा हैं। डॉक्टर जनक राज ने कहा कि जब उन्होंने देखा कि इस तरह की तारकोल है जो जनजातीय क्षेत्र की सड़कों पर बिछाई जा रही है और कार्य में अनियमितता बरती जा रही हैं तो उन्होंने इसकी सूचना देने के लिए पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह को भी कई बार फोन किया लेकिन उन्होंने उनके फोन का जवाब नहीं दिया।
विधायक का डॉक्टर जनक राज ने कहा कि वैसे तो मंत्री जी सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं लेकिन जब उन्हें फोन कर समस्या बताने का प्रयास किया जाता है तो वह एक जनप्रतिनिधि का ही फोन नहीं उठाते हैं तो वह आम जनता की बात कहां तक का सुनते होंगे।
