मंडी/परी शर्मा: चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे बंद हो गया है। मंडी जिले में 4 मील के पास शुक्रवार देर शाम लैंडस्लाइड हुई, जिसकी वजह से पहाड़ी से पत्थर व मलबा गिरने के कारण हाईवे पूरी तरह से बंद हो गया है। हाईवे के दोनों ओर जाम की स्थिति पैदा हो गई है। हालांकि फोरलेन निर्माण का कार्य शाम 6 बजे से बंद हो जाता है, लेकिन अचानक रात को पहाड़ी से मलवा आ गिरा।
गनीमत यह रही इसमें कोई जान माल का नुकसान नहीं हुआ है। रात को इस मलवे को हटाना काफी मुश्किल था। जिस कारण सुबह प्रशासन ने कम्पनी के सहयोग से मलवा हटाने के लिए मशीनरी लगा दी है। बताया जा रहा है कि तकरीबन दोपहर 12 बजे तक रास्ता खुल जाएगा। दोनों तरफ रात से ही वाहनों की लंबी कतारें लगी है। प्रशासन ने सभी से आग्रह किया है कि जब तक नेशनल हाइवे बहाल नहीं होता, तब तक वैकल्पिक मार्ग पंडोह गोहर व मंडी कटोला बजौरा का प्रयोग करें।
