Hamirpur, Arvind-:हमीरपुर थाना सदर क्षेत्र में हुई एक बड़ी चोरी की वारदात को पुलिस ने आधुनिक तकनीक और त्वरित कार्रवाई की मदद से सुलझाते हुए महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। यह मामला तब सामने आया जब पीड़िता सुमना देवी ने शिकायत दर्ज करवाई कि 27 और 28 नवंबर की रात उनके गांव रोपा स्थित घर से सोने-चांदी के गहने और नकदी चोरी हो गई थी।
शिकायत मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश शर्मा के मार्गदर्शन और SHO निरीक्षक कुलवंत सिंह के नेतृत्व में थाना सदर पुलिस टीम हरकत में आई। पुलिस ने घटनास्थल का गहराई से निरीक्षण किया, स्थानीय लोगों और परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज किए और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई।आधुनिक तकनीक का सहारा लेते हुए पुलिस ने मोबाइल कॉल डिटेल, डिजिटल साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण किया। जांच के दौरान कई ऐसे सुराग मिले जिनसे संदेह का दायरा पीड़िता की बेटी कोमल तक पहुंच गया। उसे पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया, जहां लगातार सवालों के दबाव में उसने चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस अधीक्षक बलबीर सिंह ने बताया कि मामले की सफलता पुलिस टीम की मेहनत, सूझबूझ, और तकनीकी जांच का परिणाम है। उन्होंने कहा कि रिमांड के दौरान पूछताछ में कोमल ने खुलासा किया कि चोरी किए गए गहने पंजाब के बरनाला में छिपाए गए थे। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर बरनाला में छापा मारकर करीब 17 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहने बरामद कर लिए।एसपी बलबीर सिंह ने कहा कि पुलिस हर मामले में तकनीकी जांच को प्राथमिकता दे रही है ताकि अपराधियों को जल्द से जल्द पकड़कर न्याय के दायरे में लाया जा सके।
