अरविंदर सिंह,हमीरपुर (TSN): प्रदेश में आई आपदा के बाद प्रदेश में पर्यटन कारोबार पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। इस आपदा के बाद से प्रदेश के पर्यटन स्थलों में घूमने के लिए पर्यटक पर्यटन स्थलों का रुख नहीं कर रहे हैं। ऐसे में अब जब प्रदेश में हालात सामान्य है तो प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने देश और विदेश के पर्यटकों को हिमाचल आने का न्यौता दिया हैं।
हमीरपुर में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की सड़कों को ठीक करने का काम युद्ध स्तर पर जारी है और कनेक्टिविटी की हालत में सुधार आ चुका हैं। उन्होंने कहा कि कुछ क्षेत्रों में अभी काम जारी है लेकिन अधिकतर पर्यटक स्थलों की पहुंचने की सड़कों को खुलवा दिया गया है इसलिए अब पर्यटक हिमाचल का रुख कर सकते हैं ।
पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की ओर से प्रदेश सरकार पर 9 महीने में विकास की गति को ना बढ़ाई जाने के बयान पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने भाजपा की पूर्व सरकार को घेरते हुए कहा कि जयराम ठाकुर की पूर्व सरकार सातवें पे कमीशन को लागू करके कर्मचारियों और अधिकारियों की 10 हज़ार करोड़ की देनदारियां खड़ी करके चली गई । पे कमीशन को लागू करने के लिए उन्होंने क्या इंतजाम किए थे इसकी जानकारी उन्हें प्रदेश की जनता को देनी चाहिए।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह बुधवार को सेरा रेस्ट हाउस में मीडिया से रूबरू होते हुए कहा कि पूर्व सरकार की वजह से आज प्रदेश के हर आदमी पर कर्ज चढ़ा हुआ हैं। उन्होंने कहा कि 18 सितंबर से विधानसभा सत्र शुरू हो रहा हैं। इसमें जयराम बताएं कि लोगों पर इतना कर्ज क्यों चढ़ा है और आज प्रदेश के आर्थिक हालात कर्ज की वजह से अच्छे नहीं है ऐसे हालात किसने बनाई और प्रदेश को कर्ज में किसने डुबाया इसका जवाब जयराम जनता को दे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार को आए हुए तो अभी 9 महीने का ही समय हुआ है और अभी वह आपदा की चुनौती का सामना कर रहे हैं । उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर उन पर ध्यान देने की जगह प्रधानमंत्री के पास जाकर प्रदेश के लिए बड़ी आर्थिक सहायता की मांग करें ताकि जनता को इस मुश्किल घड़ी से बाहर निकाला जा सके । वहीं सीमेंट कंपनियों की ओर से रेट बढ़ाए जाने के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इसमें किसी की भी मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी ।
