भोरंज: हिमाचल प्रदेश कांग्रेस चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हिमाचल में भाजपा की डबल इंजन की सरकार फेल करार दिया है। भोरंज में आयोजित जनसभा के दौरान सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मुख्यमंत्री जयराम पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विकास के मामले में प्रदेश दस साल पीछे चला गया। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पौने पांच साल आराम ही फरमाया। अब चुनाव नजदीक आते देख प्रदेश का चप्पा-चप्पा छान रहे है। इस दौरान उन्होंने एक बार फिर से पुलिस पेपर लीक मामले में मुख्यमंत्री को घेरते हुए सीबीआई जांच को लेकर मुख्यमंत्री पर झूठ बोलने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने पिछले चुनाव घोषणा पत्र में बेरोजगारों के लिए रोजगार नीति बनाने का वादा किया था, जिसे सरकार पूरा नहीं कर पाई। यह 14 लाख बेरोजगारों के साथ धोखा है। पुलिस पेपर लीक मामले ने सरकार की कथनी
और करनी की पोल खोल दी है। मुख्यमंत्री ने सीबीआई जांच करवाने की घोषणा की थी, जिसकी आज तक अधिसूचना जारी नहीं हुई। कांग्रेस ने 90 दिन के भीतर जांच पूरी कराकर दोषियों को सजा देने की मांग की थी, लेकिन अब तक जांच शुरू न होने से साफ है कि सरकार और पुलिस के संरक्षण में पेपर लीक हुआ है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आते ही इस मामले की तह तक जाएगी और दोषियों को सलाखों के पीछे भेजेगी। सुक्खू ने कहा कि भाजपा सरकार ने युवाओं का भविष्य अंधकारमय बनाने का काम किया है। हर भर्ती के पेपर लीक हो रहे हैं। यह सरकार पेपर लीक सरकार बनकर रह गई है। अग्निपथ योजना युवाओं के साथ बहुत बड़ा खिलवाड़ है। केंद्र सरकार ने सेना में जाने की प्रक्रिया पूरी कर चुके युवाओं को ठगा है। सरकार को भर्ती रदद न कर उन्हें सेना में नौकरी देनी चाहिए थी।
महंगाई सातवें आसमान पर है, घरेलू रसोई गैस का सिलिंडर 1100 रुपए का हो चुका है। प्रचार समिति अध्यक्ष ने लोगों को भरोसा दिलाया कि कांग्रेस सत्ता में आते ही युवाओं को रोजगार, महिलाओं को सुरक्षा, ग्रामीण क्षेत्र में स्वरोजगार के साथ ही पर्यटन और उद्योगों को बढ़ावा देगी, जिससे के रोजगार के अधिक से अधिक अवसर उत्पन्न हों। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अब दो महीने की रह गई है। जनता इनकी नीतियों से तंग है और चुनावों मेंं सबक सिखाएगी।
