मंडी/ परी शर्मा – मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने मंडी जिले के धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के एक दिवसीय दौरे के दौरान सिद्धपुर और चोलथरा में लगभग 980 करोड़ रुपये की 92 विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किए। सीएम ने जनसभा में जंहा भाजपा सरकार की उपलब्धियों को गिनवायां, वही कांग्रेस पार्टी के नेताओं पर भी जमकर निशाना साधा।
सिद्धपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और प्रदेश में डबल इंजन की सरकारें हिमाचल को तेजी से प्रगति के पथ पर अग्रसर कर रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत की आजादी के 75वें वर्ष को ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के रूप में मनाने का फैसला किया है और यह एक संयोग है कि हिमाचल प्रदेश भी अपने अस्तित्व के 75वे वर्ष में प्रवेश कर चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश भर में 75 कार्यक्रमों के माध्यम से हिमाचल के 75 वर्ष की गौरवमयी यात्रा को मनाने का निर्णय लिया है। लेकिन, प्रदेश सरकार का यह निर्णय कांग्रेस पार्टी के नेताओं को रास नहीं आ रहा है और इन कार्यक्रमों में उमड़ रही आम लोगों की भारी भीड़ के कारण ये नेता बौखला गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेसी नेता विकास के नाम पर प्रदेश की जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। वे दस गारंटी का झांसा देकर राज्य के मतदाताओं को लुभाने की कोशिश कर रहे हैं। जय राम ठाकुर नेे कहा कि कांग्रेस पार्टी की अपनी कोई गारंटी नहीं है और वह लोगों को दस गारंटी दे रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, गोवा और मणिपुर में भी विधानसभा चुनावों में दोबारा बहुमत हासिल करके ‘मिशन रिपीट’ सुनिश्चित किया है और अब हिमाचल प्रदेश की बारी है। दोबारा सत्ता में न आने के रिवाज को तोड़ने की बारी अब हिमाचल की है।
