संजु चौधरी, शिमला: हिमाचल प्रदेश में आई आपदा को देखते हुए हिमाचल सरकार की ओर से आपदा कोष 2023 बनाया गया हैं। इसके लिए बैंक अकाउंट नंबर भी जारी किया गया हैं। वहीं लोग आसानी से अपनी सहयोग राशि इस कोष में दे सकें इसके लिए रविवार को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने ओक ओवर से आपदा कोष का क्यूआर कोड भी जारी किया, जिस पर अब लोग आसानी से अपना अंशदान दे सकते हैं।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में भारी बारिश हुई हैं,जिसमें काफी तबाही देखने को मिली हैं। प्रदेश में काफी ज्यादा नुकसान हुआ है जिसको देखते हुए आपदा कोष 2023 का गठन किया गया हैं और इसके लिए दो बैंकों को चिंहित किया गया हैं। दोनों के ही अकाउंट नंबर जारी कर दिए गए हैं, जहां पर क्यूआर कोड, ऑनलाइन पेमेंट, क्रेडिट कार्ड से लोग अपना अंशदान दे सकते हैं।
अब तक कई राज्यों से लोग इस आपदा कोष में अंशदान दे चुके हैं और 50 लाख के करीब अभी तक आपदा कोष में जमा हुआ हैं। उन्होंने कहा कि विदेशों से भी लोग इस आपदा कोष में अपना अंशदान देना चाहते हैं। इसको लेकर भी जल्द ही व्यवस्था की जाएगी। मुख्यमंत्री ने आपदा कोष में अंशदान देने वाले लोगों का आभार भी जताया।
