विकास शर्मा, चिंतपूर्णी: चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा की ओर से प्रत्याशी घोषित होने के बाद विधायक बलबीर चौधरी ने मां चिंतपूर्णी के दरबार में हाज़री भरी और माथा टेका। हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनावों के मद्देनजर टिकटों का एलान कर दिया गया है जिसके बाद धार्मिक स्थलों पर आकर प्रत्याशियों का माथा टेकने और भगवान का आशीर्वाद लेने का सिलसिला शुरू हो गया है।
इसी क्रम में बुधवार को चिंतपूर्णी के विधायक बलबीर चौधरी को भाजपा की ओर से चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र का प्रत्याशी घोषित करने के बाद मां चिंतपूर्णी के दरबार में हाजिरी भरी। इस मौके पर चिंतपूर्णी मंदिर के पुजारी संदीप कालिया ने विधिवत रूप से पूजा-अर्चना करवाई और मंदिर परिसर में स्थित हवन कुंड में आहुतियां डलवाई। बलवीर चौधरी ने चिंतपूर्णी मंदिर परिसर में स्थित पावन वटवृक्ष को मोली का धागा बांधा और मन्नत मांगी।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए विधायक बलबीर चौधरी ने पार्टी हाईकमान का दोबारा प्रत्याशी बनाने पर आभार प्रकट किया और मंडल के सभी कार्यकर्ताओं को आने वाले विधानसभा चुनावों में साथ लेकर जीत का दावा किया। इसके अलावा उन्होंने कहा कि चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र से यहां की जनता की उन्हें विधायक चुनती है तो जो विकास के काम बाकी रह गए है उनको प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाया जाएगा।
