विकास शर्मा, चिंतपूर्णी: पंजाब के खन्ना से एक नाबालिग लड़की जो अपनी सहेली से मिलने जा रही रही थी सोमवार को चिंतपूर्णी पहुंच गई। यहां इस बच्ची को होमगार्ड के जवानों ने देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने फोन के माध्यम से लड़की के चिंतपूर्णी पहुंचने की सूचना परिजनों को दी है।
पंजाब खन्ना की रहने वाली एक नाबालिग लड़की जो की रविवार को अपनी सहेली के घर जा रही थी लेकिन सोमवार सुबह तड़के तीन बजे के करीब चिंतपूर्णी आ पहुंची। जब इस सोलह साल की लड़की ने चिंतपूर्णी बस स्टैंड के पास एक होमगार्ड को वर्दी में देखा तो उससे घर जाने को मदद मांगी। चिंतपूर्णी मंदिर की बिल्डिंग में दर्शन पर्ची देने के लिए ड्यूटी पर तैनात सिरमौर के होमगार्ड संजीव सैनी के साथ अन्य होमगार्ड ने इस लड़की को अपने पास बैठाया और घर का पता और फोन नंबर पूछा जिस पर लड़की ने अपने घर का फोन नंबर बताया।
लड़की ने बताया कि वह शाम को खन्ना से जब अपनी सहेली के घर जा रही थी तो एक महिला और व्यक्ति ने उसे कहा कि तुम्हारे पापा तुम्हें बुला रहे है वह उनके साथ चल पड़ी। तभी उसे कुछ सूंघा दिया गया जिसके बाद बेहोश हो गई और जब उसे होश आया तो वह ट्रेन में थी जिसके बाद वह जालंधर रेलवे स्टेशन पर उतर गई। यहां उसने किसी को अपने घर पर फोन मिलाने को कहा और उसे लुधियाना की ट्रेन में बैठाकर अपने घर भेजने को कहा लेकिन किसी लड़के ने कहा कि वह उसे लुधियाना छोड़ देगा लेकिन वह चिंतपूर्णी जा रहा है इसलिए उसे उसके साथ वहां चलना पड़ेगा।लड़की ने बताया कि जब वह चिंतपूर्णी पहुंची तो रास्ते में उस लड़के का फोन लेकर होशियारी से उसके पास से भाग निकली जिसके बाद चिंतपूर्णी बस स्टैंड के पास होंमगार्ड ने उसकी सहायता की।
डीएसपी अंब वसुधा सूद ने बताया की चिंतपूर्णी पुलिस की ओर से बच्ची को चाइल्ड हेल्प लाइन में सौंप दिया गया है और बच्ची के पिता से पुलिस की बात हो गई। बच्ची के पिता बच्ची को लेने के लिए आ रहे है।
