विकास शर्मा, चिंतपूर्णी: प्रदेश के विश्वविख्यात शक्ति पीठ चिंतपूर्णी देवी मां में श्रद्धालुओं की अटूट श्रद्धा और विश्वास है। मंदिर में जहां रोजाना माता रानी के दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती हैं। मंदिर में आने वाले श्रद्धालु अपनी क्षमता अनुसार चढ़ावा भी माता रानी को अर्पित करते हैं। नकदी के चढ़ावे के साथ ही मंदिर में सोने-चांदी का चढ़ावा भी श्रद्धालु चढ़ाते हैं। वहीं अब पंजाब के श्रद्धालु रमेश अग्रवाल की ओर से शक्ति पीठ चिंतपूर्णी मंदिर के प्रवेश द्वार की साइड की दीवारों की छत पर चांदी की शीट लगाकर नक्काशी का काम करवाया जाएगा।
इस कार्य को करवाने में 4 से 5 लाख का खर्च आएगा जिसका वजह रमेश अग्रवाल की ओर से किया जाएगा। 5 किलो की चांदी की शीट प्रवेश द्वार की छत पर लगाकर प्रवेश द्वार को सुसज्जित किया जाएगा। बता दें कि रमेश अग्रवाल की ओर से पहले भी चिंतपूर्णी मंदिर के प्रवेश द्वार पर चांदी और सोने का काम करवाया गया है। अग्रवाल परिवार की मां चिंतपूर्णी के दरबार में गहरी आस्था है। वहीं मंदिर एसडीओ आर.के जसवाल ने बताया की पंजाब के रमेश अग्रवाल की ओर से चिंतपूर्णी मंदिर में प्रवेश द्वार की दीवार पर चांदी की शीट पर नक्काशी करवा कर प्रवेश द्वार को सजाने का काम करवाया जाएगा, जिसके लिए नाप-नपाई का काम पूरा हो गया है। जल्द ही इसका काम शुरू करवा दिया जाएगा।
