विकास शर्मा, चिंतपूर्णी: हिमाचल प्रदेश के विश्व विख्यात शक्तिपीठ चिंतपूर्णी में आज से शुरू हो रहे असूज नवरात्रि के मद्देनजर मंदिर न्यास चिंतपूर्णी ने मंदिर में पुख्ता प्रबंध किए है। भीड़ को नियंत्रित करने के साथ ही व्यवस्था को बनाए रखने के लिए जवानों की तैनाती भी मंदिर में की गई है। मंदिर परिसर को बड़े ही भव्य तरीके से नवरात्रि उत्सव के लिए सजाया गया है। दिल्ली के श्रद्धालुओं की ओर से मंदिर को देशी और विदेशी फूलों से सजाया गया है। इन फूलों के मंदिर परिसर में लगने के बाद मंदिर परिसर की शोभा देखते ही बन रही है।
बात अगर सुरक्षा व्यवस्था कि की जाए तो असूज नवरात्रि में भारी संख्या में श्रद्धालुओं की आने की उम्मीद के मद्देनजर मंदिर क्षेत्र को 4 सेक्टरों में बांटा गया है। इसके अलावा 300 के करीब पुलिस और होमगार्ड के जवान व्यवस्थाओं का जिम्मा मंदिर में संभालेंगे। इसके अलावा मंदिर को सुबह 4 बजे से लेकर रात 10 बजे तक श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए खुला रखा जाएगा। भीड़ बढ़ने पर मंदिर खुला रखने के समय को बढ़ाया जाएगा। इसके अलावा दर्शन पर्ची काउंटरों को भी बंद किया जा सकता है। इसके अलावा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर न्यास ने पीने के पानी के मुफ्त स्टॉल लगाए गए है ताकि श्रद्धालुओं को पीने के पानी के लिए भटकना ना पड़े।
किसी भी श्रद्धालुओं को दर्शन पर्ची के बिना दर्शन करने की अनुमति नहीं होगी। दर्शन पर्ची पहले की भांति तीन स्थानों बाबा माई दास सदन,एम आर सी कार पार्किंग और शंभू बैरियर पर मिलेगी। वहीं प्रसाद के तौर पर नारियल चढ़ाने पर प्रतिबंध होगा। ढोलक ,चिमटा और स्पीकर लगाने पर भी पाबंदी होगी। इसके अलावा सिंगल यूज प्लास्टिक पर भी प्रतिबंध रहेगा। नवरात्रि के दौरान किसी भी लंगर संस्था को बिना अनुमति के लंगर लगाने की अनुमति नहीं होगी।
मंदिर अधिकारी बलवंत सिंह ने बताया कि असूज नवरात्रि को लेकर मंदिर न्यास की ओर से सभी तैयारियां मुकम्मल की गई है। मेले के दौरान मंदिर सुबह 4 बजे से लेकर रात 10 बजे तक खुला रहेगा और बिना दर्शन पर्ची किसी को भी दर्शन करने की अनुमति नहीं होगी।
