ऊना: ऊना के मुबारिकपुर के पास हादसे में घायल हुए मध्यप्रदेश के श्रद्धालुओं की मदद के लिए मंदिर न्यास चिंतपूर्णी आगे आया है। बता दें कि बस के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद मामूली रूप से घायल श्रद्धालुओं जिन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी उनकी मदद के लिए मंदिर न्यास चिंतपूर्णी आगे आया। मामूली रूप से घायल श्रद्धालुओं और जिनको कोई भी चोटें नहीं आई थी उन सभी को भरवाई में मंदिर न्यास के यात्री निवास भवन में रहने और खाने-पीने की व्यवस्था निशुल्क की गई।
दुर्घटना से पीड़ित श्रद्धालुओं ने बताया कि उपमंडल अधिकारी अंब डॉक्टर मदन कुमार ने सभी दुर्घटना के पीड़ित श्रद्धालुओं की मदद की और आश्वासन दिलाया कि किसी भी प्रकार की कोई भी श्रद्धालु चिंता ना करें जिला प्रशासन द्वारा उनकी हर संभव सहायता की जाएगी। श्रद्धालु ने बताया कि अब आगे की यात्रा करें या ना करें। इसके लिए श्रद्धालु आपस में बातचीत करेंगे। उसके बाद ही तय करेंगे कि यात्रा को आगे जारी रखा जाएगा या फिर यात्रा को यहीं से समाप्त कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि चिंतपूर्णी की यात्रा पूरी करने के बाद बस को करूक्षेत्र ले जाया जा रहा था।
