चंबा, मंजूर पठान -: हिमाचल प्रदेश के कई जिलों के लिए मौसम विभाग, शिमला द्वारा भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किए जाने के बाद चंबा जिले के चुराह उपमंडल में प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। सुबह से जारी तेज बारिश के कारण क्षेत्र के नदी-नाले उफान पर हैं, जबकि कई संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन और पत्थर गिरने की आशंका भी बढ़ गई है।स्थिति को देखते हुए चुराह उपमंडल प्रशासन ने लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग, विद्युत विभाग तथा अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही राहत एवं बचाव कार्यों से जुड़े कर्मचारियों को भी हर समय उपलब्ध रहने के लिए कहा गया है।
एसडीएम चुराह राजेश कुमार जरियाल ने बताया कि मौसम विभाग द्वारा आज और कल के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। ऐसे में सभी विभागों को संभावित आपदा से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी स्थिति में तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया जा सके।उन्होंने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि खराब मौसम के दौरान बिना किसी जरूरी कारण के यात्रा करने से बचें। यदि यात्रा करना अत्यंत आवश्यक हो तो मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी लेकर ही घर से निकलें। विशेष रूप से पहाड़ी मार्गों, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में अतिरिक्त सावधानी बरतें।प्रशासन ने लोगों से किसी भी आपात स्थिति या सड़क अवरोध की सूचना तुरंत स्थानीय प्रशासन को देने की भी अपील की है, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
