हमीरपुर, अरविंद-: ग्राम पंचायत पट्टा के अंतर्गत आने वाले लडवीं गांव के ग्रामीणों ने सरकारी भूमि पर हुए कथित अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर उपायुक्त हमीरपुर से मुलाकात की। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से शिकायतें और ज्ञापन देने के बावजूद प्रशासनिक स्तर पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से गांव आज भी सड़क और एंबुलेंस मार्ग जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित है।
ग्रामीणों द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि गांव लडवीं, डाकघर पट्टा, तहसील भोरंज में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों के कई मामले दर्ज हैं। इनमें से कुछ मामलों का निपटारा राजस्व विभाग ने रिकॉर्ड में कर दिया है, लेकिन जमीनी स्तर पर कब्जे अब भी बरकरार हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण और सीमांकन भी किया, फिर भी कब्जे हटाने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।ग्रामीणों ने कहा कि जिस भूमि पर कब्जा किया गया है, उसी स्थान से गांव के लिए एंबुलेंस मार्ग प्रस्तावित है। यदि कब्जे हटा दिए जाएं तो मरीजों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को अस्पताल तक पहुंचाने में बड़ी राहत मिलेगी। वर्तमान में सड़क सुविधा नहीं होने के कारण गंभीर स्थिति में मरीजों को पैदल या अन्य वैकल्पिक साधनों से ले जाना पड़ता है, जिससे कई बार जान का खतरा भी बढ़ जाता है।ग्रामीणों का कहना है कि वर्ष 2020 से वे लगातार प्रशासन के समक्ष अपनी समस्या रख रहे हैं। कई बार ज्ञापन सौंपने और अधिकारियों से मिलने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। उन्होंने उपायुक्त से मांग की कि लंबित सभी मामलों का शीघ्र निपटारा कर सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए, ताकि गांव को एंबुलेंस मार्ग की सुविधा उपलब्ध हो सके।ग्रामीण अमर सिंह ने कहा कि सड़क और एंबुलेंस मार्ग गांव की सबसे बड़ी आवश्यकता है, लेकिन अवैध कब्जों के कारण यह कार्य आगे नहीं बढ़ पा रहा है। वहीं ग्रामीण महिला शशिकांता ने बताया कि सड़क न होने से बीमारी या आपातकालीन स्थिति में सबसे अधिक परेशानी महिलाओं, बुजुर्गों और मरीजों को झेलनी पड़ती है। उन्होंने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर गांववासियों को राहत दिलाने की अपील की।
