शिमला, संजू -: श्रावण मास के पहले सोमवार के अवसर पर राजधानी शिमला पूरी तरह शिवभक्ति के रंग में रंगी नजर आई। सुबह से ही शहर के विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर बेलपत्र, धतूरा, भांग, दूध, पुष्प और अन्य पूजन सामग्री अर्पित करते हुए परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और शांति की कामना की।
शहर के गंज बाजार स्थित शिव मंदिर में भी सुबह से श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। मंदिर परिसर “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष से गूंजता रहा। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर प्रशासन की ओर से भक्तों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गई थीं, जिससे दर्शन सुचारु रूप से संपन्न हुए।श्रावण मास को भगवान शिव की आराधना के लिए सबसे पवित्र समय माना जाता है। मान्यता है कि इस पूरे माह में सच्चे मन से की गई शिव उपासना से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। पहले सोमवार के कारण मंदिरों में सामान्य दिनों की तुलना में अधिक भीड़ देखने को मिली।गंज बाजार स्थित राधा-कृष्ण मंदिर के पुजारी उमेश नौटियाल ने बताया कि श्रावण मास का पहला सोमवार अत्यंत शुभ और फलदायी माना जाता है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष श्रावण मास में चार सोमवार पड़ रहे हैं और प्रत्येक सोमवार का अपना अलग धार्मिक महत्व है। उनका कहना था कि इस पूरे माह में भगवान शिव अपने भक्तों पर विशेष कृपा बरसाते हैं तथा श्रद्धा और विश्वास के साथ की गई पूजा जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का मार्ग प्रशस्त करती है।
