अरविंदर सिंह, हमीरपुर: मंडी में आयोजित हुई श्रम कल्याण बोर्ड की बैठक के दौरान मनरेगा मजदूरों को बोर्ड से बाहर रखने के फैसले के खिलाफ गुरुवार को हमीरपुर में सीटू के बैनर तले मनरेगा मजदूरों ने रोष व्यक्त करते हुए गांधी चौक पर धरना दिया । मनरेगा मजदूरों ने फैसले के खिलाफ हमीरपुर के भोटा चौक से लेकर गांधी चौक तक रोष रैली भी निकाली जिसमें हजारों की संख्या में मनरेगा मजदूरों ने भाग लिया । सीटू के राष्ट्रीय सचिव डॉ. कश्मीर सिंह ठाकुर की अगुवाई में मजदूरों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की और मांग की कि सरकार इस फैसले को लागू ना करें। इस अवसर पर सीटू के जिला सचिव जोगिंदर सहित जिला के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
सीटू राष्ट्रीय सचिव डॉ. कश्मीर सिंह ठाकुर ने कहा कि 20 सितंबर को श्रम कल्याण बोर्ड की बैठक में मनरेगा मजदूरों को बोर्ड से बाहर करने का निर्णय लिया गया जिसके खिलाफ आज यह धरना प्रदर्शन किया गया। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश सरकार मनरेगा मजदूरों के हितों की अनदेखी करते हुए उन्हें वोट से बाहर कर रही है,जिसके चलते मनरेगा मजदूरों को वोट से मिलने वाली विभिन्न सहायता राशियां भी प्राप्त नहीं होगी।
उन्होंने मांग करते हुए कहा कि सरकार मनरेगा मजदूरों को श्रमिक कानून के तहत बोर्ड में ही रखें साथ ही श्रमिक बोर्ड की ओर से रोके गए विभिन्न सहायता राशियों को भी जल्द जारी करें। उन्होंने कहा कि प्रदेश भर में 12 अक्टूबर को सीटू के की ओर से हर जिला में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमीरपुर जिला में सभी कार्यकर्ता ग्रामीण स्तर पर इस प्रदर्शन को करेंगे ऐसा भी निर्णय लिया गया। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर सरकार फिर भी नहीं मानती है तो सीटू कार्यकर्ता सचिवालय का भी घेराव करने से गुरेज नहीं करेंगे।
