विकास शर्मा, चिंतपूर्णी:- चिंतपूर्णी में लोगों को आ रही पानी की समस्या का जल्द समाधान होगा। शहर में पानी की आपूर्ति सही से हो सके इसके लिए पानी को अंब के कलरुही से उठाकर चिंतपूर्णी लाया जा रहा है। इसी के लिए वीरवार को चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के विधायक बलबीर चौधरी ने चिंतपूर्णी में 10 करोड़ की लागत से बनने वाली पानी की स्कीम का उद्घाटन किया। इस स्कीम के लिए बजट मंदिर न्यास चिंतपूर्णी की ओर से उपलब्ध करवाया गया है। स्कीम के पूरा हो जाने पर चिंतपूर्णी में पानी की समस्या पूरी तरह से दूर हो जाएगी।
इस उद्धघाटन से पहले विधायक बलबीर चौधरी ने भंरवाई उप तहसील कार्यालय के सामने बने रेन शेल्टर का भी उद्घाटन किया। वहीं दोपहर को जल शक्ति मिशन के तहत डुहल भंटवाला में बनने वाली पानी की स्कीम का भी शिलान्यास किया। इस स्कीम को बनाने के लिए 3.60 करोड़ का खर्च आएगा। वहीं विधायक बलबीर चौधरी ने कहा कि 10 करोड से बनने वाली स्कीम का उद्घाटन भूमि पूजन कर आज कर दिया गया है। इस स्कीम के धरातल पर उतर जाने के बाद चिंतपूर्णी में पानी की समस्या बिल्कुल दूर हो जाएगी। उन्होंने मंदिर न्यास चिंतपूर्णी को 10 करोड़ की राशि उपलब्ध करवाने के लिए धन्यवाद किया।
इस मौके पर एक्सईएन जल शक्ति विभाग होशियार सिंह,भाजपा जिला उपाध्यक्ष ठाकुर होशियार सिंह,नितेश खन्ना निरंजन कालिया,सतीश कालिया,छपरोह की प्रधान शशि बाला सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
