शिमला,संजु चौधरी (TSN)-सीटू राज्य कमेटी ने हिमाचल प्रदेश सरकार सचिवालय के कर्मचारियों के आंदोलन का पुरज़ोर समर्थन किया है व पूर्ण एकजुटता प्रकट की है।सीटू ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से मांग की है कि वह तुरंत आंदोलनकारी कर्मचारियों को बातचीत के लिए बुलाएं व उनकी समस्याओं का तत्काल समाधान करें। सीटू राज्य कमेटी ने प्रदेश सरकार को चेताया है कि अगर शीघ्र ही कर्मचारियों की मांगों को पूर्ण न किया गया तो सीटू भी पूरे प्रदेश में कर्मचारियों के समर्थन में एकजुटता कार्रवाइयां शुरू करेगा।
सीटू प्रदेश अध्यक्ष विजेंद्र मेहरा व महासचिव प्रेम गौतम ने कहा है कि कर्मचारियों की मांगें वाजिब हैं व उनका तत्काल समाधान होना चाहिए। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बात है कि कर्मचारियों के वर्ष 2016 में आए सातवें केंद्रीय वेतन आयोग के जरिए हुई वेतन बढ़ोतरी को हिमाचल प्रदेश में 8 वर्ष बीतने के बाद भी पूर्णतः लागू नहीं किया गया है।केवल चंद हज़ार रुपये कर्मचारियों के खाते में डालकर प्रदेश के कर्मचारियों को छठे वेतन आयोग में मिलने वाले लाखों रुपये का भुगतान नहीं किया गया है।इसके एरियर का तुरंत भुगतान होना चाहिए क्योंकि यह कर्मचारियों का बुनियादी हक है। कर्मचारियों को 12 प्रतिशत डीए का भी भुगतान नहीं किया गया है जोकि दुर्भाग्यपूर्ण है।
