अरविंदर सिंह, हमीरपुर: हमीरपुर जिला में 20 हजार असंगठित मजदूरों को जोड़ने का लक्ष्य सीटू ने तय किया है। यह लक्ष्य आज हमीरपुर के अणु कला में स्थित कामरेड ज्योति बसु भवन में सीटू के 10वें जिला सम्मेलन में तय किया गया है । सम्मेलन का उद्घाटन सीटू के राज्य अध्यक्ष विजेंद्र मेहरा ने किया । इस अवसर पर सीटू राष्ट्रीय सचिव कश्मीर सिंह ठाकुर विशेष रूप से मौजूद रहे । सम्मेलन के दौरान हमीरपुर जिला के विभिन्न स्थानों से आए सीटू के डेलीगेट अपने-अपने विचार भी सांझा किए । इस अवसर पर केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार के अलावा पूर्व की कांग्रेस सरकारों पर भी जमकर निशाना साधते हुए दोनों ही दलों को मजदूर विरोधी करार दिया गया।
सीटू राष्ट्रीय सचिव कश्मीर सिंह ठाकुर ने बताया कि सम्मेलन में हमीरपुर जिला में असंगठित मजदूरों को जोड़ने के लक्ष्य निर्धारित करने के अलावा प्रदेश सरकार के खिलाफ सरकारी क्षेत्र में भर्ती को आउट सोर्स का विरोध जताया गया। उन्होंने कहा कि सीटू प्रदेश सरकार से आउटसोर्स पर भर्ती बंद कर रेगुलर भर्ती करने की मांग करता है साथ ही विभिन्न संस्थाओं में रोजगार को ठेका प्रथा को खत्म करना चाहिए । उन्होंने कहा कि हमीरपुर जिला में सीटू ने मजदूरों को संगठित करने के लिए काम किया है । ठाकुर ने बताया कि आज सम्मेलन के बाद आगामी 3 वर्षों के लिए नई कमेटी का गठन कर एजेंट अभी तैयार किए जाएंगे।
