Hamirpur, Arvind –जिले में दलितों पर बढ़ रहे अत्याचारों के विरोध में सीटू (CITU) ने गांधी चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने हाल ही में राज्य में हुई दो दिल दहला देने वाली घटनाओं को लेकर सरकार के खिलाफ तीखा रोष प्रकट किया और दोषियों को सख्त सजा देने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने कुल्लू जिले की सैंज घाटी में एक दलित महिला के साथ हुए सामूहिक अत्याचार और उसकी निर्मम हत्या की निंदा करते हुए कहा कि यह घटना मानवता को शर्मसार करती है और दोषियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए।भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राष्ट्रीय सचिव कश्मीर सिंह ठाकुर ने कहा कि शिमला जिले के चिड़गांव क्षेत्र के जांगला गांव में 12 वर्षीय दलित बालक सिकंदर को ऊँची जाति की महिला के घर में प्रवेश करने पर अस्तबल में बंद कर दिया गया और अपमानजनक दंडस्वरूप उसके परिवार से बकरे की मांग की गई। मानसिक पीड़ा और अपमान से तंग आकर बालक ने आत्महत्या कर ली।
सीटू कार्यकर्ताओं ने दोनों मामलों में कड़ी कार्रवाई और दलितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ठोस कदम नहीं उठाए, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
