धर्मशाला : राहुल चावला ( TSN)- धर्मशाला से विधायक सुधीर शर्मा की बगावत के बाद अब धर्मशाला की कांग्रेस में भी बगावत साफ देखी जाने लगी है, आज धर्मशाला के कचहरी अड्डा में कांग्रेसियों के बीच हाई बोल्टेज ड्रामा देखने को मिला..
पुतला जलाने पहुंचे थे कांग्रेस कार्यकर्ता
यहां ख़ुद को कट्टर कांग्रेसी बताने वाले कांग्रेसी नेता विजेंद्रकर्ण अपने गुट के साथ कचहरी अड्डा में सुधीर शर्मा का पुतला जलाने पहुंचे, मगर इससे पहले कि वो लोग यहां विधायक सुधीर शर्मा का पुतला जलाते एन वक्त पर सुधीर शर्मा गुट के लोग यूथ कांग्रेस धर्मशाला अध्यक्ष अश्वनी राणा अपने समर्थकों के साथ पहुंच गये और उन्होंने विजेंद्रकर्ण के मंसूबों पर एक नहीं बल्कि दो मर्तबा पानी फेर दिया.और उन्हें पुतला नहीं जलाने दिया गया. इस दौरान दोनों ही गुटों में झड़प भी देखने को मिली.दोनों गुटों में झड़प होते देख धर्मशाला के SHO सुरेंद्र सिंह ने मोर्चा सम्भालते हुये पुलिसकर्मियों के सहयोग से दोनों ही गुटों को बामुश्किल शांत करवाया.
सुधीर शर्मा हमेशा पार्टी विरोधी काम करते रहे हैं-विजेंद्रकर्ण
इस दौरान विजेंद्रकर्ण ने कहा कि सुधीर शर्मा हमेशा पार्टी विरोधी काम करते रहे हैं.उन्होंने साल 2019 के उपचुनावों में भी अपना बागी चेहरा दिखाया और नगर निगम के चुनावों में भी कुछ ऐसा ही रवैया रहा. उनको लेकर हमेशा से ही भाजपा में जाने की अटकलें लगाई जाती रही और आज अंततः वो जाते हुये भी नज़र आ रहे हैं,उनकी ख़िलाफ़त बेहद जरूरी थी. कर्ण ने आरोप लगाया कि सुधीर शर्मा ने पुलिस की मदद से उन्हें उनका पुतला जलाने से रोक लिया जो कि सरासर अन्याय है.
ब्लॉक धर्मशाला अध्यक्ष अश्वनी राणा का कहना ये
वहीं यूथ कांग्रेस के ब्लॉक धर्मशाला अध्यक्ष अश्वनी राणा ने कहा कि वो बेहद शान्तिपूर्वक यहां एजिटेशन देखने आए थे,मगर इनकी हरकतों ने उनके नापाक मंसूबों को उजागर कर दिया ख़ुद को कट्टर कांग्रेसी बताने वालों से वो पूछना चाहते हैं कि आख़िर वो बीते डेढ़ सालों से कहां थे जो आज धर्मशाला निर्माता सुधीर शर्मा का पुतला जलाने पहुंच गए हैं.
