Shimla, Sanju-पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की 81वीं जयंती पर बुधवार को कांग्रेस पार्टी की ओर से छोटा शिमला स्थित सद्भावना चौक पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह समेत अन्य नेताओं ने उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके योगदान को याद किया।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि राजीव गांधी ने भारत को नई दिशा देने का काम किया। अमेरिका से सुपर कंप्यूटर न मिलने पर उन्होंने देश में तकनीकी क्रांति का संकल्प लिया और आज भारत आईटी क्षेत्र में अग्रणी बना है। उन्होंने यह भी कहा कि पंचायती राज और नगर निकायों में महिलाओं को 33% आरक्षण देने का श्रेय भी राजीव गांधी को जाता है, और अब वही सोच आगे बढ़ाते हुए संसद व विधानसभाओं में महिलाओं को आरक्षण दिया जा रहा है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि आईटी क्रांति से लेकर पंचायती राज व्यवस्था तक, राजीव गांधी के प्रयासों से देश ने नई मजबूती पाई। उन्होंने उन्हें आधुनिक भारत का निर्माता बतायासंगठन से जुड़े सवाल पर प्रतिभा सिंह ने कहा कि पार्टी को मजबूत बनाने पर लगातार चर्चा हो रही है। इसके लिए जिम्मेदारी विदित चौधरी को सौंपी गई है और जल्द ही रजनी पाटिल के साथ बैठक में संगठन विस्तार पर अहम निर्णय लिए जाएंगे।
