Una, Rakesh-जिला ऊना में बुधवार को हुई मूसलाधार बारिश ने हालात बिगाड़ दिए। भारी बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर आ गए, वहीं स्वां नदी ने भी इस बार रौद्र रूप धारण कर लिया। ऊना की बैरिया खड्ड पर पानी इतना बढ़ गया कि पुल के ऊपर से बहने लगा। हालांकि, फिलहाल किसी जानी नुकसान की सूचना नहीं है, लेकिन जलभराव से लोगों के घरों और दुकानों में पानी घुस गया, जिससे काफी नुकसान हुआ है।
नन्हे बच्चों को JCB में बैठाकर किया सुरक्षित बाहर
सबसे चिंताजनक स्थिति ऊना के एक निजी स्कूल में देखने को मिली, जहां प्रांगण में पानी भर गया। छोटे बच्चों को सुरक्षित निकालने के लिए प्रशासन ने जेसीबी मशीन का सहारा लिया। बच्चों को जेसीबी में बैठाकर सड़क पर खड़ी स्कूल वैन तक पहुंचाया गया, जिसके बाद उन्हें सुरक्षित घर भेजा गया।कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें छुट्टी के बाद बच्चे पानी के तेज बहाव को पार करते हुए घरों की ओर जाते दिखाई दे रहे हैं। जिला प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में पानी की निकासी और सड़कों से मलबा हटाने का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है।
