Mandi,Dharamveer-चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर बीती रात हुए भूस्खलन के बाद बुधवार दोपहर लगभग डेढ़ बजे यातायात आंशिक रूप से बहाल कर दिया गया। पंडोह से पनारसा तक कई स्थानों पर भारी मलबा गिरने से सड़क अवरुद्ध हो गई थी। सुबह होते ही एनएचएआई की मशीनरी मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। हालांकि बीच-बीच में मलबा गिरने से बहाली में समय लगा।
इधर, मंडी से कुल्लू वाया कटौला सड़क अब भी कन्नौज के पास बंद है। यहां सड़क धंसने के कारण वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप है।
लगातार खतरे में सफर
मंडी से पनारसा तक का रास्ता इस समय बेहद खतरनाक है। खासकर पंडोह से पनारसा के बीच दयोड़, जोगणी मोड़, दवाड़ा, रैंशनाला और शनि मंदिर के पास बार-बार भूस्खलन व सड़क धंसने की घटनाएं हो रही हैं। दयोड़ क्षेत्र में तो हाईवे लगातार धंस रहा है, जिसे मशीनों की मदद से अस्थायी तौर पर दुरुस्त किया जा रहा है। कई वाहन यहां फंस चुके हैं, जबकि बुधवार को एक निजी बस खराब हो गई थी जिसे मशीन की मदद से हटाया गया।
