सोलन : योगेश शर्मा – शनिवार को हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू बीते दिनों बारिश के कारण सोलन शहर के शामती में हुए नुकसान का जायजा लेने पहुंचे । इस दौरान उनके साथ स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल भी मौजूद थे । उन्होंने प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया, वही परिवारों से भी मुलाकात की । इस दौरान सीएम ने जिला प्रशासन से यह जानकारी हासिल की कि यहां पर प्रभावित परिवारों को किस तरह से मदद दी जा रही है । वहीं आने वाले समय में यहां पर क्या किया जा सकता है ।
मीडिया से बातचीत में सीएम सुक्खू ने कहा कि आने वाले 4 वर्षों में हिमाचल प्रदेश अपने पैरों पर खड़ा होगा, इसके लिए सरकार योजना बना रही है। सीएम ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में आई आपदा को लेकर दानी सज्जन भी दान कर रहे हैं और वह उसके लिए उनका धन्यवाद करते हैं। उन्होंने कहा कि फिलहाल हिमाचल प्रदेश में बिजली पानी सड़क सुविधा बहाल हो और इसकी सेवा लोगों को मिले इसके लिए सरकार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि यहां पर प्रभावित परिवारों को कल तक उनके खाते में एक एक लाख तक मिल जाएंगे और उसके बाद उनके क्षतिग्रस्त हुए मकानों के एस्टीमेट भी सरकार करेगी ताकि उन्हें सही मुआवजा मिल सके।
