मंडी : धर्मवीर – हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के कारण.जिस प्रकार पहाड़ भरभरा कर गिर रहे हैं, उसके सभी को प्रकृति से सबक लेने की आवश्यकता है। भविष्य में ऐसे प्रयास किए जाए जिससे नुकसान कम हो और नदी नालों के किनारे भी लोग अपना बसेरा ना बनाएं। यह बात शनिवार को राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने एक दिवसीय दौरे के दौरान मंडी जिला में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने के उपरांत मीडिया से रूबरू होते हुए कही। इस मौके पर उन्होंने अपना एक माह का वेतन राहत कोष में देने में भी घोषणा की। राज्यपाल ने कहा कि सभी मनुष्यों को प्रकृति से सबक लेने की जरूरत है और ऐसे प्रयास किए जाने चाहिए कि भविष्य में और नुकसान न हो।
सभी को प्रकृति से सबक लेने की आवश्यकता
राज्यपाल ने फौरी राहत के तौर पर केंद्र सरकार द्वारा प्रदेश को दी गई साढ़े तीन सौ करोड़ रुपये की राहत राशि के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रभावितों को और सहायता का आश्वासन भी दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने जिस तत्परता से कार्य किया है वह प्रशंसनीय है। उन्होंने बचाव कार्य में लगे भारतीय वायु सेना और अर्धसैनिक बलों के जवानों की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि अभी नुकसान का पूर्ण आकलन किया जा रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन को नुकसान की विस्तृत रिपोर्ट उन्हें भी देने के निर्देश दिए । उन्होंने कहा कि नुकसान बहुत ज्यादा है और वह भी रिपोर्ट के आधार पर केंद्र सरकार से अधिक राहत उपलब्ध करवाने के लिए बात करेंगे।
अपने दौरे के दौरान राज्यपाल ने मंडी जिला के पंडोह, औट का दौरा किया, जहां भारी बारिश, भूस्खलन व बाढ़ से काफी नुकसान हुआ है। राज्यपाल ने पंडोह ने करीब 100 साल पुराने पुल का निरीक्षण भी किया जो बाढ़ के कारण क्षतिग्रस्त हो गया है। राज्यपाल ने लारजी जल विद्युत परियोजना के पॉवर हाउस और डवार क्षेत्र का दौरा भी किया। उन्होंने औट में क्षतिग्रस्त पुल का निरीक्षण भी किया। राज्यपाल ने राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने तृतीय भारतीय आरक्षित वाहिनी पंडोह में आयोजित कार्यक्रम में जिला रेडक्रास मंडी के माध्य्म से बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत किट वितरित किए । इसके उपरांत राज्यपाल ने मंडी शहर में प्राचीन पंचवक्त्र महादेव मंदिर जाकर मंदिर के पुनरोद्धार कार्यों का जायजा लिया। राज्यपाल ने मंदिर में माथा टेका और भगवान शिव से सबकी सुरक्षा के लिए कामना की। सदर विधायक अनिल शर्मा भी उनके साथ मौजूद रहे।
