देहरा/धनोहा-: मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रविवार को अपनी धर्मपत्नी कमलेश ठाकुर की विधानसभा क्षेत्र देहरा में आयोजित मछुआरा सम्मान निधि वितरण एवं मछुआरा सम्मेलन में भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि जनता के पैसे और सरकारी संपत्ति का दुरुपयोग करने वालों का पूरा हिसाब लिया जाएगा। भ्रष्टाचार में शामिल व्यक्ति कितना भी बड़ा नेता क्यों न हो, सरकार उसे बख्शेगी नहीं।
CM ने पूछा- भाजपा को वोट क्यों देते हैं?
मुख्यमंत्री ने जनसभा में भाजपा पर निशाना साधते हुए लोगों से सवाल किया कि आखिर भाजपा को वोट क्यों दिया जाता है? उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के समय प्रदेश के संसाधनों से होने वाली आय का सही इस्तेमाल नहीं हुआ।सुक्खू ने कहा कि उनकी सरकार ने सरकारी खजाने की आय बढ़ाने और राजस्व की लीकेज रोकने के लिए कई फैसले लिए हैं। सरकार के पास आने वाला पैसा स्कूलों, अस्पतालों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर खर्च किया जा रहा है।
बोले- भ्रष्टाचार की कमाई का होगा हिसाब
सुक्खू ने कहा कि भ्रष्टाचार की लड़ाई में जनता का समर्थन जरूरी है। उन्होंने कहा कि सरकारी कुर्सी पर बैठकर जिसने भी जनता के पैसे का दुरुपयोग किया है, उससे हिसाब लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार से अर्जित संपत्ति को लेकर भी सरकार कार्रवाई करेगी। गरीब जनता के हक का पैसा किसी की निजी सुख-सुविधा पर खर्च नहीं होने दिया जाएगा।
गरीब परिवारों के लिए ‘अपना परिवार सुखी परिवार’ योजना
मुख्यमंत्री ने गरीब परिवारों के लिए ‘अपना परिवार सुखी परिवार’ योजना का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पंचायत और ब्लॉक स्तर पर सर्वे करवाकर प्रदेश के सबसे गरीब परिवारों की पहचान की जाएगी।सरकार का प्रयास होगा कि ऐसे परिवारों को सामाजिक सुरक्षा के साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर मिले। मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की जिम्मेदारी है।
देहरा में 46 करोड़ की ओजोन आधारित पेयजल परियोजना
मुख्यमंत्री ने देहरा के लोगों को स्वच्छ पेयजल की बड़ी सौगात देने की बात कही। उन्होंने बताया कि देहरा में करीब 46 करोड़ रुपए की लागत से प्रदेश की पहली ओजोन आधारित पेयजल उपचार परियोजना स्थापित की जाएगी।सुक्खू ने कहा कि दूषित पानी से लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है। इसलिए सरकार देहरा में आधुनिक तकनीक से पेयजल को साफ करने की व्यवस्था विकसित कर रही है।
विस्थापित परिवारों को जमीन देने की बात
मुख्यमंत्री ने देहरा क्षेत्र में लंबे समय से रह रहे विस्थापित परिवारों की समस्याओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि ऐसे परिवारों को प्रमाण पत्र, बच्चों की पढ़ाई और मकान के लिए जमीन जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था।उन्होंने कहा कि सरकार ने नियमों में आवश्यक बदलाव किए हैं और पात्र विस्थापित परिवारों को घर बनाने के लिए जमीन उपलब्ध करवाने का प्रावधान किया जा रहा है।
मछुआरों की आय बढ़ाने पर सरकार का फोकस
मछुआरा सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने कहा कि मछुआरा समुदाय कठिन परिस्थितियों में मेहनत करता है। सुबह जल्दी उठकर मछली पालन करने वाले लोगों की आय बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता है।उन्होंने कहा कि मछुआरों के साथ चर्चा कर उनकी समस्याओं को समझा गया है। सरकार मछली पालन को और मजबूत करने तथा मछुआरों की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए आवश्यक कदम उठाएगी।
शिक्षा में ‘व्यवस्था परिवर्तन’ का दावा
मुख्यमंत्री ने शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए सरकार व्यवस्था परिवर्तन कर रही है।उन्होंने कहा कि आम परिवार का बच्चा भी बेहतर शिक्षा प्राप्त कर सके और उसे निजी स्कूलों जैसी सुविधाएं मिलें, इसके लिए सरकार सरकारी स्कूलों को मजबूत कर रही है।
बोले- देहरा की तस्वीर और तकदीर बदलेंगे
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि देहरा के विकास के लिए सरकार ने कई महत्वपूर्ण योजनाएं शुरू की हैं। आने वाले समय में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, रोजगार और मछुआरा समुदाय से जुड़े कार्यों को और गति दी जाएगी।उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य देहरा को विकास के नए मॉडल के रूप में आगे बढ़ाना है। मुख्यमंत्री ने लोगों से सरकार के विकास कार्यों और भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई में सहयोग एवं समर्थन देने की अपील की।
कमलेश ठाकुर ने किया मुख्यमंत्री का स्वागत
मौके पर देहरा की विधायक कमलेश ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का अभिवादन किया। उन्होंने देहरा में लगातार करवाए जा रहे विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में देहरा विधानसभा क्षेत्र में विकास को नई गति मिली है और क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर काम चल रहा है।कार्यक्रम में राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष एवं फतेहपुर विधायक भवानी सिंह पठानिया, ज्वालामुखी विधायक संजय रतन, पूर्व विधायक योगराज, पूर्व विधायक चौधरी दिलीप सिंह, एससी आयोग के चेयरमैन कुलदीप कुमार और एचआरटीसी के वाइस चेयरमैन अजय वर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

