चिंतपूर्णी । हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की धर्मपत्नी एवं देहरा से विधायक कमलेश ठाकुर ने शनिवार को माता श्री चिंतपूर्णी के पावन दरबार में हाजिरी भरी। इस दौरान उन्होंने अपनी बेटी के साथ माता के चरणों में माथा टेका और प्रदेश व जनता की सुख-समृद्धि की कामना की।
कमलेश ठाकुर के साथ एडवोकेट जनरल अनूप रतन अपनी धर्मपत्नी सहित, एडवोकेट रवि पराशर और अजय ठाकुर भी मौजूद रहे। मंदिर के पुजारी नव कालिया ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधिवत पूजा-अर्चना करवाई। इस अवसर पर कांग्रेस सचिव संजीव कालिया विशेष रूप से उपस्थित रहे।
धार्मिक आस्था और सामाजिक सरोकारों के लिए पहचानी जाने वाली कमलेश ठाकुर ने माता चिंतपूर्णी के दरबार में दर्शन कर आत्मिक शांति का अनुभव किया। दर्शन के दौरान उन्होंने वहां मौजूद लोगों की समस्याएं भी सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया।
पूजा-अर्चना के बाद कमलेश ठाकुर ने कहा कि माता चिंतपूर्णी की कृपा से उन्हें जनसेवा का अवसर मिल रहा है और वे आगे भी पूरी निष्ठा के साथ लोगों की सेवा करती रहेंगी। उन्होंने प्रदेश की खुशहाली और अमन-चैन के लिए माता से आशीर्वाद मांगा।
