Bilaspur, Subhash-:बिलासपुर जिले के घुमारवीं स्थित केंद्रीय विद्यालय की विद्यालय प्रबंधन समिति (वीएमसी) की एक महत्वपूर्ण बैठक उपायुक्त राहुल कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में विद्यालय से जुड़े विभिन्न प्रशासनिक एवं विकासात्मक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई, जिसमें सबसे प्रमुख विषय केंद्रीय विद्यालय घुमारवीं के स्थायी भवन का निर्माण रहा।
बैठक के दौरान उपायुक्त राहुल कुमार ने जानकारी दी कि विद्यालय भवन निर्माण के लिए आवश्यक भूमि की एफसीए (फॉरेस्ट क्लीयरेंस एक्ट) से संबंधित स्टेज-2 की प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई है। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के साथ ही अब विद्यालय के स्थायी भवन निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया है, जिससे आने वाले समय में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।उपायुक्त ने कहा कि स्थायी भवन के निर्माण से विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण में सकारात्मक बदलाव आएगा और विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण प्रक्रिया को शीघ्र आगे बढ़ाने और सभी औपचारिकताओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में उपायुक्त राहुल कुमार ने यह भी कहा कि वह जल्द ही दसवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों से संवाद करेंगे। इस दौरान वे विद्यार्थियों को परीक्षा संबंधी मार्गदर्शन देंगे और उन्हें आत्मविश्वास के साथ बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेंगे।इसके अतिरिक्त, बैठक में विद्यालय में चल रहे अन्य विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यालय का समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सके।
Chandrika
