मंडी/परी शर्मा: मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने करसोग में लगभग 90 करोड़ रुपये की 33 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास किए। प्रगतिशील हिमाचलः स्थापना के 75 वर्ष कार्यक्रम के तहत मंडी जिले के करसोग में मुख्यमंत्री ने पांगणा में डिग्री कॉलेज खोलने, डिग्री कॉलेज करसोग में एमए इतिहास और एमएससी की कक्षाएं आरम्भ करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा प्रदेश के गठन के 75 साल के आयोजन कांग्रेस नेताओं को रास नहीं आ रहे हैं। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि ये नेता इस ऐतिहासिक आयोजन को भी राजनीतिक चश्मे से देख रहे हैं।

उन्होंने कहा कि इस उत्सव को आयोजित करने का एकमात्र उद्देश्य हिमाचल प्रदेश को विकास के मामले में देश का अग्रणी राज्य बनाने में यहां के लोगों की भूमिका और योगदान के लिए उनका आभार व्यक्त करना है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के पूर्ण राज्यत्व के 50 वर्ष पूरे होने पर कांग्रेस नेता भी इस तरह के आयोजन कर सकते थे लेकिन उन्होंने इस बारे में सोचा भी नहीं था क्योंकि वे अन्य गतिविधियों में व्यस्त थे। उन्होने कहा कि कांग्रेस वीरभद्र मॉडल की बात करती है वो मॉडल जिससे 70 हजार करोड़ के कर्जे के निचे आज प्रदेश दबा है ये मॉडल था उनका ऋण लेते रहो और सरकार को आंनद के साथ चलाते रहो।
इस मॉडल को हिमाचल की जनता ने खारिज करके फैंक दिया है। भाजपा ने एक दूसरे पर मामले दर्ज करने, बदले की भावना से काम करने की राजनिति, रिवाज को खत्म कर दिया है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि युवाओं को स्वरोजगार व उद्यम शुरू करने के लिए भी एक करोड़ रुपये की सहायता प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि ‘मिशन रिपीट’ सुनिश्चित करने के लिए वर्तमान राज्य सरकार के स्पष्ट आह्वान को पचा पाना विपक्षी नेताओं को मुश्किल हो रहा है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि प्रदेश में कांग्रेस बेरोजगारी के खिलाफ ‘यात्रा’ का आयोजन कर युवाओं को गुमराह कर रही है, परन्तु युवा इनके बहकावे में नहीं आने वाले हैं।
