पटाखा बिक्री स्थलों और बाजारों का होगा निरीक्षण, आग बुझाने के लिए 14 वाहन तैयार
कमांडेंट विनय कुमार बोले, वाटर हाइड्रेंट की जांच पूरी, लोगों को भी किया जा रहा जागरूक
हमीरपुर, अरविंद-: त्योहारी सीजन में आगजनी की घटनाओं को रोकने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए होमगार्ड और दमकल विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। त्योहारों के दौरान बाजारों में बढ़ती भीड़, बिजली की सजावट और पटाखों के इस्तेमाल से आग लगने का खतरा बढ़ जाता है। इसे देखते हुए दोनों विभागों को सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। विभागीय टीमें लोगों को आग से बचाव के उपायों और सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक कर रही हैं।त्योहारों के मद्देनजर बाजारों और पटाखों की बिक्री के लिए निर्धारित स्थानों का निरीक्षण किया जाएगा।
इस दौरान सुरक्षा इंतजामों की जांच करने के साथ संभावित खतरों को दूर करने पर भी जोर रहेगा। विभाग का प्रयास है कि समय रहते जरूरी कदम उठाकर किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। इसके अलावा बाजारों में लोगों को आग से बचाव के उपायों की जानकारी दी जा रही है, ताकि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में आमजन भी सहयोग कर सकें।
जिले में दमकल विभाग के पास 14 वाहन उपलब्ध
आगजनी की घटनाओं से निपटने के लिए जिले में दमकल विभाग के पास 14 वाहन उपलब्ध हैं। विभागीय व्यवस्था के तहत पांच फायर यूनिट, एक फायर स्टेशन, दो सब स्टेशन और दो चौकियां स्थापित की गई हैं। इन संसाधनों के माध्यम से जिले में आपात स्थिति के दौरान आग बुझाने और राहत एवं बचाव कार्यों को तेजी से अंजाम देने की व्यवस्था की गई है। विभागीय कर्मचारियों को जरूरत पड़ने पर तुरंत मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।
वाटर हाइड्रेंट और बाजारों का किया जा रहा निरीक्षण
कमांडेंट होमगार्ड लेफ्टिनेंट कमांडर विनय कुमार ने बताया कि त्योहारी सीजन को देखते हुए होमगार्ड और दमकल विभाग पूरी तरह अलर्ट हैं। जिले में स्थापित वाटर हाइड्रेंट का निरीक्षण किया जा चुका है। इसके साथ ही बाजारों का भी निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि आगजनी से बचाव के लिए जरूरी व्यवस्थाओं को जांचा जा सके। उन्होंने बताया कि लोगों को आग लगने की घटनाओं से बचने और आपात स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में भी जागरूक किया जा रहा है।
सावधानी बरतने की अपील
विभाग ने लोगों से अपील की है कि पटाखे चलाते समय सुरक्षा नियमों का पालन करें और ज्वलनशील वस्तुओं के आसपास आतिशबाजी करने से बचें। बिजली की सजावट करते समय भी सुरक्षित उपकरणों का इस्तेमाल करें और किसी भी तरह की लापरवाही न बरतें। आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत दमकल विभाग को सूचना दें, ताकि समय रहते आग पर काबू पाया जा सके। विभाग का उद्देश्य त्योहारों के दौरान जान-माल के नुकसान को रोकना और लोगों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध करवाना है।
