नाहन (देवेन्द्र कुमार): जल शक्ति, राजस्व, बागवानी एवं सैनिक कल्याण मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र में गिरी नदी के दोनों ओर तटीकरण के लिए लगभग 71 करोड़ रुपए की राशि की स्वीकृति करवाई जाएगी जिससे 3000 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। जल शक्ति मंत्री ने शनिवार को पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत अजौली के गांव नारीवाला में 10.22 करोड़ रुपए की लागत से 7 इंच के 160 ट्यूबवेल का विधिवत रूप से शिलान्यास किया। जिससे क्षेत्र की 874 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि यमुना नदी किनारे बाढ़ नियंत्रण के लिए 250 करोड़ की योजना के लिए प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है।
उन्होंने जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए की पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र में किसानों की भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए 2000-2000 हेक्टेयर भूमि के हिसाब से विस्तृत कार्य योजना तैयार कर स्वीकृति हेतु भेजें। ताकि किसानों को मौसम आधारित वर्षा पर निर्भर न रहना पड़े और उन्हें सिंचाई की माकूल सुविधा उपलब्ध हो सके। उन्होंने इस क्षेत्र के लिए 50 हैंडपंप का काम जल्द शुरू करवाने के निर्देश दिए और 100 ट्यूबवेल लगाने के लिए विस्तृत कार्य योजना जल्दी तैयार करवाने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने करतारपुर के लोगों की पेयजल समस्या के स्थाई समाधान के लिए ओवरहेड टैंक बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र किसानों का क्षेत्र है और इस वर्ष बारिश की कमी से धान की फसल में हुए नुकसान के आंकलन के लिए गिरदावरी करवाई जा रही है और रिपोर्ट प्राप्त होते ही किसानों को उचित मुआवजा दिया जाएगा। महेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं को एचआरटीसी की बसों में यात्रा पर 50 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। हिमाचल प्रदेश देश का पहला राज्य बना जहां हर घर में रसोई गैस कनेक्शन उपलब्ध है। प्रदेश के 14 लाख से अधिक विद्युत उपभोक्ताओं को 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली योजना का लाभ मिल रहा है।
जल शक्ति मंत्री ने कहा कि वैश्विक कोरोना महामारी के दौरान सरकार ने विकास की गति को रुकने नहीं दिया। इसके अतिरिक्त, प्रदेश सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लिए पहले आयु को 80 वर्ष से घटाकर 70 वर्ष किया और अब 60 वर्ष किया गया है, जिसपर 1300 करोड़ रुपए व्यय किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने संतुलित और तीव्र विकास के लिए 412 नई ग्राम पंचायतें बनाई। बहुउद्देशीय परियोजनाएं एवं ऊर्जा मंत्री सुख राम चौधरी ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र में विकास को नई दिशा दी है। वर्तमान प्रदेश सरकार ने इस क्षेत्र को 2 सब तहसील,10 पटवार वृत, कानूनगो वृत, पुरुवाला में जल शक्ति उपमंडल और अनेको सिंचाई व पेयजल योजनाएं दी हैं। इसके अतिरिक्त इस क्षेत्र में 7 इंच के 460 ट्यूबवेल लगाए गए हैं। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने इस क्षेत्र के लिए नाबार्ड के तहत 54 ट्यूबवेल स्वीकृत किए हैं जिनमें से 27 लगाए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में जल जीवन मिशन के तहत 40 करोड़ रुपए व्यय किए जा रहे हैं।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र किसानों का क्षेत्र है और यहां किसानों को फसलों की सिंचाई के लिए मुफ़्त ट्यूबवेल कनेक्शन 6.87 करोड़ रुपए की लागत से उपलब्ध करवाए गए हैं। इसके अतिरिक्त किसानों को सिंचाई के लिए बिजली 30 पैसे प्रति यूनिट के हिसाब से दी जा रही है। इस अवसर पर पूर्व विधायक पांवटा साहिब फतेह सिंह महरालू ने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में जल शक्ति मंत्री का पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र का यह तीसरा दौरा है। उन्होंने कहा कि आज जल शक्ति मंत्री ने इस क्षेत्र को 10 करोड़ रुपए की लागत से 7 इंच के 160 ट्यूबवेल का शिलान्यास किया है जिससे क्षेत्र के किसानों को लाभ होगा। उन्होंने किसानों को नई तकनीकों से रूबरू करवाने के लिए प्रशिक्षित करने के और अधिक कदम उठाने का आग्रह किया।
