मंडी : परी शर्मा – मंडी जिला में एक बार फिर से कोबरा गैंग सक्रिय हो गया है और लोगों के साथ मारपीट कर उन्हे जान से मारने की धमकी दी जा रही है। ऐसा ही एक मामला मंडी जिला के पंडोह में 17 जनवरी को घटित हुआ है। सुलेमान नामक टैक्सी चालक के साथ मारपीट हुई है।
तीन दिन बीत जाने के बाद भी आरोपी नही हुए गिरफ्तार
सुलेमान के भाई और पड़ोसी ने बताया कि 17 जनवरी को सुलेमान सरत 11 बजे के करीब सवारियां छोड़कर आ रहा था। कोबरा गैंग के सात लोगों ने टैक्सी चालक सुलेमान को रास्ते मे रोका और उसपर डंडे से वार कर दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हुआ है। सुलेमान ने फोन के माध्यम से अपने भाई को सुचित किया। जिसके बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची लेकिन तब तब कोबरा गैंग के लोग भाग गए थे। उन्होंने कहा कि सुलेमान की हालत गंभीर है और वो कोमा में चला गया है। इतना ही नही कोबरा गैंग के लोगों ने सलीम नाम के लड़के को उसी रात फोन कर जान से मारने की धमकी दी है। घायल के परिजनों से एडिशनल एएसपी से मुलाकत की और कोबरा गैग के फरार लोगों को पकड़ने की गुहार लगाई है। उन्होंने कहा कि कोबरा गैंग के लोग बाजार में खुलेआम घूम रहे है लेकिन पुलिस कोई कार्यवाही नही कर रही।
पंडोह चौकी में दर्ज हुई एफआईआर
उधर एडिशनल एएसपी मंडी मनमोहन सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि यह घटना 17 जनवरी को घटित हुई है जिसपर पंडोह चौकी में एफआईआर भी दर्ज की गई है। एफआईआर में एक व्यक्ति के नाम के अलावा अन्य लोगों के शामिल होने की बात भी कही गई है। उन्होंने बताया कि मामले में पीड़ित सुलेमान के परिजन आज उनसे मिले। उन्होने कहा कि एफआईआर में कोबरा गैंग का जिक्र नही है लेकिन परिजनों ने कोबरा गैंग पर मारपीट के आरोप लगाये है। उन्होने कहा कि मामले में फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है और जल्द ही उन्हे गिरफतार किया जाएगा। अगर इस तरह की कोई कोबरा गैंग है तो उनसब पर कार्यवाही की जाएगी। उन्होने इस तरह की गतिविधियों को रोकने का आश्वासन दिया है।
