Shimla, Sanju-मंडी जिले के थुनाग क्षेत्र में स्थित हॉर्टिकल्चर कॉलेज को सुंदरनगर स्थानांतरित करने के सरकार के फैसले को लेकर उपजे विवाद पर राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने विपक्ष और भाजपा नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कुछ भाजपा समर्थकों को लाभ पहुंचाने के लिए कॉलेज को एक असुरक्षित स्थान पर स्थापित किया, जिससे बच्चों की जान जोखिम में पड़ी।
दोषियों पर देशद्रोह का मामला दर्ज करने की मांग
राजस्व मंत्री ने कहा कि सरकार ने छात्रों की पढ़ाई और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कॉलेज को सुंदरनगर स्थानांतरित किया। लेकिन जब वह थुनाग में आपदा राहत कार्यों की समीक्षा कर रहे थे, तो कुछ स्थानीय लोगों ने विरोध किया और कॉलेज को न हटाने की मांग करते हुए उनकी गाड़ी को रोकने की कोशिश की। मंत्री ने दावा किया कि इस दौरान राष्ट्रीय ध्वज लगी गाड़ी पर काले झंडे और चप्पल फेंके गए, जिसे उन्होंने राष्ट्रध्वज का अपमान बताया और दोषियों पर देशद्रोह का मामला दर्ज करने की मांग की।
भाजपा पर आपदा राहत कोष के दुरुपयोग का आरोप
शिमला में आयोजित पत्रकार वार्ता में नेगी ने भाजपा पर आपदा राहत कोष के दुरुपयोग के भी आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा बिना नाम वाले चेक लेकर अपने लोगों में मनमाने तरीके से राहत राशि बांट रही है। उन्होंने भाजपा से वितरित की गई राहत राशि की सूची सरकार को सौंपने की मांग की, ताकि उसका मिलान विभागीय रिकॉर्ड से किया जा सके।नेगी ने यह भी आरोप लगाया कि जब 2023 में पूरे हिमाचल में आपदा आई थी, तब भाजपा ने राज्य सरकार का साथ नहीं दिया, लेकिन अब जयराम ठाकुर दिल्ली जाकर विशेष क्षेत्र के लिए केंद्र से मदद की मांग कर रहे हैं।
